हथियारों का दिखावा किया तो लाइसेंस भी हो सकता है सस्पेंड!
हथियारों का दिखावा किया तो लाइसेंस भी हो सकता है सस्पेंड!
हिसार :-(अमित कुमार )पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धान्त जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में हिसार पुलिस द्वारा कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध हथियारों के प्रदर्शन पर अंकुश लगाने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। हिसार पुलिस सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो और वीडियो अपलोड कर वायरल करने वाले व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है। ऐसे व्यक्तियों की पहचान कर उनकी गतिविधियों और हथियारों के संबंध में जांच की जा रही है। एसपी हिसार ने कहा कि कुछ व्यक्ति सोशल मीडिया पर पिस्तौल, रिवॉल्वर और अन्य हथियारों के साथ फोटो एवं वीडियो अपलोड करके अपना रौब दिखाने तथा आमजन में भय पैदा करने का प्रयास करते हैं। हथियारों का इस प्रकार प्रदर्शन करना और उनका महिमामंडन करना गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार है। ऐसे कृत्यों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनके हथियारों और गतिविधियों की जांच की जाएगी। यदि किसी व्यक्ति के पास शस्त्र लाइसेंस है और जांच में उसके द्वारा लाइसेंस की शर्तों या संबंधित नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो उसका शस्त्र लाइसेंस निलंबित या निरस्त करवाने के लिए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, अवैध हथियार रखने या उनका प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ भी कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। हिसार पुलिस की आमजन को हिदायतें:
1.सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो और वीडियो अपलोड कर उनका प्रदर्शन न करें।
2.हथियारों का इस्तेमाल केवल कानून और शस्त्र लाइसेंस की निर्धारित शर्तों के अनुसार करें।
3.सोशल मीडिया पर हथियारों का महिमामंडन कर युवाओं को गलत दिशा में प्रेरित न करें।
4.किसी भी प्रकार के अवैध हथियार की खरीद-फरोख्त या प्रदर्शन से दूर रहें।
5.सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ धमकी देने या भय का माहौल बनाने वालों की सूचना पुलिस को दें।
एसपी हिसार ने स्पष्ट संदेश दिया कि हथियार सुरक्षा के लिए होते हैं, न कि सोशल मीडिया पर रौब दिखाने या दूसरों को डराने के लिए। हिसार पुलिस ऐसे व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखे हुए है और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




