Haryana
Trending

हिसार पुलिस का बड़ा एक्शन, ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियों के चालान ll

हिसार पुलिस का बड़ा एक्शन, ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियों के चालान ll

हिसार – (अमित कुमार ) पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस के निर्देशानुसार जिले में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत हिसार पुलिस की यातायात टीम एवं इंटरसेप्टर स्टाफ द्वारा अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए ब्लैक फिल्म लगी दो वाहनों के कुल ₹20,000 के चालान किए गए। अभियान के दौरान बालसमंद क्षेत्र में स्पेशल नाकाबंदी के समय इंटरसेप्टर पर तैनात एएसआई बिजेंद्र ने एक कार को रोककर जांच की। जांच के दौरान वाहन के शीशों पर अवैध ब्लैक फिल्म लगी पाए जाने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत ₹10,000 का चालान किया गया। इसी क्रम में बाड़ो पट्टी टोल प्लाजा पर यातायात पुलिस टीम द्वारा विशेष चेकिंग अभियान के दौरान एक वाहन को रोककर जांच की गई। वाहन के शीशों पर अवैध ब्लैक फिल्म लगी मिलने पर उक्त वाहन का भी ₹10,000 का चालान किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन ने बताया कि वाहनों के शीशों पर अवैध रूप से ब्लैक फिल्म लगाना यातायात नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। ऐसे वाहनों के अंदर की गतिविधियां स्पष्ट दिखाई नहीं देतीं, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी प्रभावित होती है और कई बार ऐसे वाहनों का उपयोग आपराधिक गतिविधियों में भी किया जाता है। इसी उद्देश्य से हिसार पुलिस द्वारा जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिलेभर में नियमित रूप से स्पेशल नाकाबंदी, इंटरसेप्टर चेकिंग एवं यातायात निरीक्षण अभियान संचालित किए जा रहे हैं। यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले किसी भी वाहन चालक के विरुद्ध बिना किसी भेदभाव के नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने वाहनों पर अवैध ब्लैक फिल्म, फैंसी नंबर प्लेट, प्रेशर हॉर्न अथवा अन्य किसी भी प्रकार का गैरकानूनी संशोधन न करवाएं तथा सभी यातायात नियमों का पालन करें। यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी दायित्व ही नहीं, बल्कि स्वयं, अपने परिवार और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। हिसार पुलिस आमजन से अपील करती है कि सुरक्षित एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। @newstodayhry #newstodayhry

Related Articles

Back to top button