#haryanagorvment
Trending

राष्ट्रपति सम्मान से गदगद करनाल की मेयर, बोलीं- ये पूरे शहर की जीत है

राष्ट्रपति सम्मान से गदगद करनाल की मेयर, बोलीं- ये पूरे शहर की जीत है

करनाल ;- ( सुभाष गुप्ता ) स्वच्छ सर्वेक्षण में हरियाणा का प्रथम स्वच्छ शहर बनने और राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के हाथों प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त करने पर महापौर रेणु बाला गुप्ता का समस्त पार्षदों, अधिकारियों-कर्मचारियों, सफाई मित्रों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने गर्मजोशी से अभिनंदन किया। इस उपलब्धि पर सभी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए महापौर को शुभकामनाएं दीं। साथ ही भविष्य में भी करनाल को स्वच्छता एवं विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प दोहराया। वीरवार को नगर निगम स्थित अपने कार्यालय में अनवरत स्वागत एवं अभिनंदन से अभिभूत महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि वस्तुतः यह सम्मान किसी एक व्यक्ति या संस्था का नहीं, बल्कि पूरे करनाल शहर की सामूहिक मेहनत, एकता और जनभागीदारी का प्रतीक है। हर नागरिक, सफाई मित्र, जनप्रतिनिधि और नगर निगम की पूरी टीम इस गौरवपूर्ण उपलब्धि की भागीदार है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में हरियाणा का प्रथम स्वच्छ शहर बनने से करनाल का मान-सम्मान राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा है। यह पूरे शहर के लिए भावुक और गौरवपूर्ण क्षण है। महापौर ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत के संकल्प ने स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप दिया है। केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल के कुशल मार्गदर्शन, हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल तथा करनाल के विधायक जगमोहन आनंद के निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन के लिए उन्होंने हृदय से आभार व्यक्त किया। इस गौरवपूर्ण अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू की गरिमामयी उपस्थिति को भी उन्होंने प्रेरणादायी बताया। इसी क्रम में उन्होंने विशेष रूप से सफाई मित्रों को इस उपलब्धि का असली नायक बताते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी उनका परिश्रम, समर्पण और जिम्मेदारी के प्रति प्रतिबद्धता शहर की स्वच्छता व्यवस्था की मजबूत नींव है। महापौर ने सभी सम्मानित पार्षदों, नगर निगम आयुक्त एवं अधिकारियों, कर्मचारियों और स्टाफ सदस्यों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, प्रबुद्ध नागरिकों तथा समस्त शहरवासियों का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि सभी के विश्वास, सहयोग और सक्रिय सहभागिता से ही यह उपलब्धि संभव हो पाई है। अगली स्वच्छता प्रतिस्पर्धा में और बेहतर प्रदर्शन का आहान करते हुए महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि यह सम्मान खुशी के साथ-साथ हमारी जिम्मेदारी भी बढ़ाता है। ये यात्रा यहां समाप्त नहीं होती, बल्कि अब लक्ष्य है कि आने वाली स्वच्छता प्रतिस्पर्धा में करनाल इससे भी बेहतर स्थान हासिल करे। इसके लिए स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने, कचरे के उचित प्रबंधन, सार्वजनिक स्थलों की सफाई, पर्यावरण संरक्षण और नागरिकों की भागीदारी को लगातार मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दैनिक दायित्व है। सभी लोग गीले और सूखे कचरे को अलग रखें। साथ ही अपने आसपास सफाई बनाए रखने में सहयोग दें। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि स्वच्छता के साथ-साथ करनाल के सर्वांगीण विकास के लिए बेहतर सड़कें, सुचारु यातायात, प्रभावी जल निकासी, हरित क्षेत्र, मजबूत आधारभूत ढांचा और गुणवत्तापूर्ण नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास भी निरंतर जारी रहेंगे। जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान और विकास कार्यों में नागरिकों की सहभागिता हमारी प्राथमिकताओं में शामिल है। सम्मान सबका सांझा दायित्व महापौर रेणु बाला गुप्ता ने सभी का आह्वान किया कि इस उपलब्धि को आगे बढ़ाने के लिए आपसी समन्वय और सहयोग की भावना बनाए रखें। उन्होंने कहा कि सभी मिलकर अपने करनाल को स्वच्छता और विकास के नए शिखर पर लेकर चलेंगे। निश्चित रूप से यह सम्मान पूरे शहर का है और इसे बनाए रखना भी सबकी साझा जिम्मेदारी है।

Related Articles

Back to top button