विज्ञान अध्यापक संगोष्ठी में जलवायु और रोगों पर मंथन ll
विज्ञान अध्यापक संगोष्ठी में जलवायु और रोगों पर मंथन ll

सिरसा – (अक्षित कम्बोज ) राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, हरियाणा के आदेशों की अनुपालना में जिला शिक्षा अधिकारी, सिरसा एवं जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, डिंग के प्राचार्य सुभाष फुटेला के निर्देशन तथा डाइट विषय विशेषज्ञ सतपाल सिंह एवं संदीप की देखरेख में जिला शिक्षा एवम् प्रशिक्षण संस्थान डिंग, सिरसा में जिला स्तरीय विज्ञान अध्यापक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में जलवायु संरक्षण के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियांत्रिकी एवं गणित आधारित पहल तथा गैर-संचारी रोग : कारण एवं बचाव विषयों पर शिक्षकों ने विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया। वक्ताओं ने जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों, पर्यावरण संरक्षण तथा विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। साथ ही, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग एवं अन्य गैर-संचारी रोगों के प्रमुख कारणों तथा उनसे बचाव के उपायों के बारे में जानकारी साझा की गई। संगोष्ठी के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दो सर्वश्रेष्ठ शिक्षकों का चयन राज्य स्तरीय संगोष्ठी में भाग लेने के लिए किया गया। इनमें रसायन विज्ञान प्रवक्ता डॉ. नवनीत चांडक एवं जीव विज्ञान प्रवक्ता सुनील कुमार शामिल हैं। दोनों शिक्षक अब राज्य स्तर पर आयोजित होने वाली संगोष्ठी में जिला सिरसा का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस अवसर पर डाइट विषय विशेषज्ञ चंद्र प्रकाश शर्मा ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि विज्ञान शिक्षा को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखकर उसे विद्यार्थियों के दैनिक जीवन, स्वास्थ्य और पर्यावरण से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ-साथ उन्हें स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। @nwstodayhry #newstodayhry




