Haryana
Trending

सी ब्लॉक में कीटों का कहर, FCI गोदाम से परेशानी ll

सी ब्लॉक में कीटों का कहर, FCI गोदाम से परेशानी ll

सिरसा – ( अक्षित कम्बोज ) एफ.सी.आई. गोदाम से उड़कर आने वाले अनाज के कीट (घुन/बीटल) समस्त सी-ब्लॉक, सिरसा के निवासियों के लिए समस्या का पर्याय बन चुके हैं। अकेला सी ब्लॉक ही नहीं, जहां-जहां गोदाम बने हुए हैं, वहां ये समस्या गंभीर होती जा रही है। हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के शहरी प्रधान कीर्ति गर्ग ने कहा कि समस्या को लेकर जिला उपायुक्त को ज्ञापन के माध्यम से कई दफा अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन कोई सुनने को तैयार ही नहीं है। उन्होंने बताया कि आवासीय क्षेत्र के निकट भारतीय खाद्य निगम का गोदाम स्थित है। पिछले कई वर्षों से गोदाम से बड़ी संख्या में अनाज के कीट (घुन/बीटल) उड़कर घरों में प्रवेश कर रहे हैं। इन कीटों की संख्या इतनी अधिक है कि ये भारी तादाद में घरों के अंदर आ जाते हैं। ये हमारे घरों में रखे आटे, दालों, सब्जियों एवं अन्य खाद्य पदार्थों पर बैठ जाते हैं, जिससे खाद्य सामग्री दूषित हो जाती है। इसके अतिरिक्त ये दिन-रात घरों के कमरों में उड़ते रहते हैं, जिससे परिवार के सदस्यों को अत्यधिक परेशानी होती है। इससे हमारे सामान्य एवं स्वस्थ जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। यह समस्या काफी वर्षों से लगातार बनी हुई है, परंतु आज तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। चूंकि यह घनी आबादी वाला आवासीय क्षेत्र है, इसलिए यह समस्या जनस्वास्थ्य एवं स्वच्छता की दृष्टि से भी अत्यंत गंभीर है। गर्ग ने कहा कि मुख्यमंत्री हर माह सिरसा में आ रहे हैं, लेकिन जनहित से जुड़ी इस गंभीर समस्या की ओर उनका जरा भी ध्यान नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि इस समस्या का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग/एफ.सी.आई. अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं तथा गोदाम एवं उसके आसपास प्रभावी कीटनाशक दवा का नियमित छिड़काव, फ्यूमिगेशन तथा अन्य आवश्यक स्थायी प्रबंध करवाए जाएं, ताकि इन कीटों की रोकथाम हो सके और क्षेत्रवासियों को इस गंभीर समस्या से स्थायी राहत मिल सके। यहां के बाशिंदों अविनाश कालड़ा एडवोकेट,चंद्रयश जैन ने भारी चिंता व्यक्त करते हुए तुरंत समाधान की मांग की है। @newstodayhry #newtodayhry

Related Articles

Back to top button