पुराने पीपल के पेड़ पर मंडराया खतरा, प्रशासन से बचाव की मांग II
पुराने पीपल के पेड़ पर मंडराया खतरा, प्रशासन से बचाव की मांग II

सिरसा-(अक्षित कम्बोज):- सिरसा शहर के सूरतगढ़िया चौक के निकट स्थित शहीद भगत सिंह पार्क में वर्षों पुराना एक पीपल का पेड़ इन दिनों सफेद मक्खी के प्रकोप से प्रभावित है। पेड़ की पत्तियों और टहनियों पर सफेद मक्खियां बड़ी संख्या में दिखाई दे रही हैं, जिसके कारण हरा-भरा पेड़ धीरे-धीरे कमजोर होकर सूखने की कगार पर है। एक उम्मीद एक मौका ट्रस्ट की टीम ने प्रशासन व संबंधित विभाग से इस ओर तुरंत ध्यान देने की मांग की है। ट्रस्ट के प्रधान प्रवीण कुमार ने बताया कि पार्क में मौजूद यह पीपल का पेड़ लंबे समय से क्षेत्र की हरियाली का हिस्सा बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार पेड़ काफी पुराना होने के कारण इसका संरक्षण करना जरूरी है। सफेद मक्खी के बढ़ते प्रकोप के चलते पेड़ की पत्तियां प्रभावित हो रही हैं और इसकी सेहत पर भी असर पड़ रहा है। प्रधान ने कहा कि समय रहते विशेषज्ञों की मदद से पेड़ की जांच करवाकर आवश्यक हो तो जैविक अथवा पर्यावरण अनुकूल दवा का छिड़काव करवाकर सफेद मक्खी के प्रकोप को नियंत्रित करवाएं। साथ ही पेड़ की नियमित निगरानी भी की जानी चाहिए। उन्होंने नगर परिषद व संबंधित बागवानी विभाग से भी मांग की है कि पार्क का निरीक्षण कर इस पुराने पेड़ को बचाने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं। उनका कहना है कि पुराने पेड़ केवल हरियाली ही नहीं, बल्कि पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के लिए भी महत्वपूर्ण धरोहर हैं। पीपल को हिंदू धर्म में देवता की तरह पूजा भी जाता है और ये आक्सीजन का भंडार भी है। इसलिए ऐसे पेड़ों का संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है। #newstodayhry @newstodayhry




