CCTV से खुला चोरी का राज, 2 आरोपी गिरफ्तार II
CCTV से खुला चोरी का राज, 2 आरोपी गिरफ्तार II

हिसार-(अमित कुमार):- पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा चोरी व संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने तथा वांछित आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना आजाद नगर पुलिस ने चोरी के दो मामलों में कार्रवाई करते हुए जेल में बंद दो आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर चोरीशुदा बिजली की तार व ग्राइंडर बरामद करने में सफलता हासिल की है। थाना आजाद नगर में कंवलजीत निवासी गीता कॉलोनी की शिकायत पर उसके मकान से बिजली की तार चोरी होने के संबंध में मामला दर्ज किया गया था। इसी दौरान संजय निवासी गीता कॉलोनी के घर से ग्राइंडर चोरी होने की वारदात भी सामने आई थी। दोनों आरोपी अन्य मामलों में जेल में बंद थे। आजाद नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर जेल से लाकर उक्त मामलों में गिरफ्तार किया तथा उनकी निशानदेही पर चोरीशुदा बिजली की तार व ग्राइंडर बरामद किया गया। #newstodayhry @newstodayhry
CCTV फुटेज बनी आरोपियों तक पहुंचने में अहम कड़ी-
मामले की जांच के दौरान शिकायतकर्ताओं द्वारा उपलब्ध करवाई गई CCTV फुटेज पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सुराग साबित हुई। फुटेज में वारदात के समय संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियां एवं आवागमन रिकॉर्ड हुआ था। पुलिस टीम ने CCTV फुटेज के साथ तकनीकी एवं अन्य पहलुओं से जांच को आगे बढ़ाते हुए आरोपियों की पहचान की। थाना आजाद नगर में तैनात मुख्य सिपाही राकेश व पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपक कुमार पुत्र इन्द्रदेव राम तथा मुकेश पुत्र ओमप्रकाश को गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा आरोपियों से चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत के आदेशानुसार उन्हें पुनः जेल भेज दिया गया। #newstodayhry @newstodayhry
चोरी करने वालों को एसपी हिसार की स्पष्ट चेतावनी-
पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने कहा कि चोरी करने वाले अपराधियों के लिए हिसार में कोई जगह नहीं है। दिन-दहाड़े घरों, दुकानों या निर्माणाधीन मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी। अपराधी यह भ्रम न पालें कि वारदात के बाद वे पुलिस की पकड़ से बच जाएंगे। CCTV कैमरों सहित आधुनिक तकनीक और पुलिस की सक्रिय जांच के माध्यम से अपराधियों की पहचान कर उन्हें कानून के कटघरे तक पहुंचाया जाएगा। एसपी हिसार ने कहा कि जिला पुलिस का मुख्य उद्देश्य आमजन की संपत्ति और सुरक्षा की रक्षा करना है। चोरी सहित संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। आमजन भी अपने घरों, दुकानों एवं निर्माणाधीन भवनों पर CCTV कैमरे लगाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। हिसार पुलिस अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। #newstodayhry @newstodayhry



