प्राइवेट वीडियो के नाम पर ब्लैकमेलिंग, ₹1 लाख लेते ही महिला आरोपी गिरफ्तार II
प्राइवेट वीडियो के नाम पर ब्लैकमेलिंग, ₹1 लाख लेते ही महिला आरोपी गिरफ्तार II

हिसार-(अमित कुमार):- पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा अपराध एवं ब्लैकमेलिंग जैसी गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना बरवाला पुलिस ने एक व्यक्ति को कथित तौर पर ब्लैकमेल कर ₹1 लाख की मांग करने के मामले में महिला आरोपी रेणु पत्नी राममेहर निवासी गांव कनोह, जिला हिसार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शिकायतकर्ता द्वारा दिए जाने वाले ₹1 लाख की पूरी रकम भी बरामद की है। मामले के अनुसार, शिकायतकर्ता राजबीर सिंह ने थाना बरवाला में शिकायत देकर आरोप लगाया कि वर्ष 2024 में थाना अग्रोहा में तैनाती के दौरान उसकी पहचान आरोपी महिला से हुई थी। इसके बाद आरोपी महिला ने बातचीत के माध्यम से उसका विश्वास हासिल किया और कथित रूप से निजी वीडियो के आधार पर उसे बदनाम करने तथा उसके परिवार को वीडियो भेजने की धमकी देकर समय-समय पर रुपये लिए। शिकायतकर्ता के अनुसार, बाद में आरोपी महिला ने ₹2 लाख की मांग की तथा पूर्व में लिए गए रुपयों के अतिरिक्त फिर रुपये देने का दबाव बनाया। शिकायतकर्ता द्वारा रुपये देने से इनकार करने पर आरोपी द्वारा उसके पुत्र को फोन कर धमकी देने तथा निजी वीडियो वायरल करने की धमकी देने के आरोप लगाए गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और नियमानुसार कार्रवाई की योजना तैयार की। #newstodayhry @newstodayhry
ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में लगाया ट्रैप-
पुलिस द्वारा नियमानुसार ड्यूटी मजिस्ट्रेट श्री अभय सिंह, उपमंडल अधिकारी बरवाला की नियुक्ति करवाई गई। इसके बाद पुलिस टीम गठित कर शिकायतकर्ता के परिचित बलवान को आरोपी द्वारा मांगी गई रकम देने के लिए भेजा गया। पुलिस द्वारा दिए गए ₹500 के 200 नोट, कुल ₹1,00,000, जिनके सीरियल नंबर पहले से नोट किए गए थे, उसे सौंपे गए। बलवान द्वारा आरोपी को रकम देने के बाद पुलिस को मिस्ड कॉल के माध्यम से संकेत दिया गया। सूचना मिलते ही ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस टीम ने मौके पर कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी रेणु के नीले रंग के बैग से ₹1 लाख की पूरी रकम बरामद की। बरामद नोटों के सीरियल नंबरों का मिलान करने पर वे वही नोट पाए गए जो पुलिस द्वारा ट्रैप कार्रवाई के लिए दिए गए थे। बरामद रकम को नियमानुसार कब्जे में लेकर सील किया गया तथा कार्रवाई की वीडियोग्राफी/दस्तावेजीकरण सहित आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। #newstodayhry @newstodayhry
थाना बरवाला पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार-
शिकायत एवं मौके से हुई बरामदगी के आधार पर थाना बरवाला में धारा 308(2), 351(3) बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज किया गया। मामले में थाना बरवाला की उप निरीक्षक सीमा द्वारा कार्रवाई की गई तथा आरोपी रेणु को उप निरीक्षक कुलबीर द्वारा गिरफ्तार किया गया। मामले में आगामी जांच जारी है। पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को धमकी, ब्लैकमेलिंग या निजी सामग्री का भय दिखाकर रुपये ऐंठने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में पीड़ित व्यक्ति डरने या दबाव में आने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस द्वारा शिकायत की गंभीरता के आधार पर नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। #newstodayhry @newstodayhry




