Haryana

बोर्ड परीक्षा परिणाम सुधारने के लिए ‘मिशन सफलता’ का शुभारंभ ll

बोर्ड परीक्षा परिणाम सुधारने के लिए 'मिशन सफलता' का शुभारंभ ll

सिरसा – ( अक्षित कम्बोज ) जिला सिरसा में कक्षा दसवीं एवं बारहवीं की आगामी बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम में सुधार लाने के उद्देश्य से आज खंड शिक्षा कार्यालय, सिरसा में जिला शिक्षा अधिकारी श्री सुभाष फुटेला की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार, सिरसा खंड के कुल 32 राजकीय हाई एवं सीनियर सेकेंडरी विद्यालयों के विद्यालय मुखियाओं तथा जिला गणित विशेषज्ञ डॉ. प्रियदर्शन ने भाग लिया। बैठक में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के बोर्ड परीक्षा परिणामों की समीक्षा करते हुए आगामी बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत चर्चा की गई। इस दिशा में एक विशेष अभियान को मिशन सफलता नाम दिया गया, जिसके अंतर्गत सभी विद्यालयों को उनके पिछले बोर्ड परीक्षा परिणाम के आधार पर तीन जोन में विभाजित किया गया है, जिनमें रेड जोन: 50 प्रतिशत से कम परीक्षा परिणाम वाले विद्यालय, येलो जोन: 51 प्रतिशत से 80 प्रतिशत तक परीक्षा परिणाम वाले विद्यालय व ग्रीन जोन: 80 प्रतिशत से अधिक परीक्षा परिणाम वाले विद्यालय। बैठक में ग्रीन जोन के विद्यालय मुखियाओं से उनके विद्यालयों में बेहतर परीक्षा परिणाम प्राप्त करने के लिए अपनाई गई प्रभावी शिक्षण पद्धतियों एवं सफल रणनीतियों के अनुभव साझा करवाए गए। इन अनुभवों के आधार पर अन्य विद्यालयों के लिए भी उपयोगी कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा की गई। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष फुटेला ने कहा कि मिशन सफलता का उद्देश्य केवल परीक्षा परिणाम में सुधार करना नहीं, बल्कि प्रत्येक विद्यार्थी की शैक्षणिक क्षमता को पहचानकर उसे बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करना है। प्रत्येक विद्यालय को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सुनियोजित रणनीति के साथ कार्य करना होगा। हमारा लक्ष्य है कि कोई भी विद्यार्थी पीछे न रहे और जिले का बोर्ड परीक्षा परिणाम उत्कृष्ट स्तर पर पहुंचे। जिला शिक्षा अधिकारी ने रेड एवं येलो जोन के विद्यालय मुखियाओं को विशेष रूप से प्रेरित करते हुए कहा कि वे निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार निरंतर प्रयास करें तथा अपने विद्यालयों को रेड जोन से येलो जोन और येलो जोन से ग्रीन जोन में लाने का लक्ष्य निर्धारित करें। वहीं ग्रीन जोन के विद्यालयों को अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन को बरकरार रखते हुए परिणाम को और बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया गया। बैठक के अंत में खंड शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार एवं सभी विद्यालय मुखियाओं ने आश्वासन दिया कि आगामी बोर्ड परीक्षाओं में शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम प्राप्त करने के उद्देश्य से हर संभव प्रयास किए जाएंगे। सभी विद्यालयों में नियमित मॉनिटरिंग, अतिरिक्त शिक्षण गतिविधियों एवं प्रभावी शैक्षणिक रणनीतियों को अपनाते हुए मिशन सफलता को सफल बनाया जाएगा, ताकि सिरसा जिले का बोर्ड परीक्षा परिणाम नई ऊंचाइयों तक पहुंच सके। मिशन सफलता के माध्यम से जिले के प्रत्येक विद्यालय को बेहतर परिणाम की दिशा में आगे बढ़ाने तथा प्रत्येक विद्यार्थी की सफलता सुनिश्चित करने का सामूहिक संकल्प लिया गया। विद्यार्थियों से पिछले दस वर्षों के बोर्ड परीक्षा प्रश्नपत्रों का नियमित अभ्यास करवाया जाए, विद्यार्थियों की तैयारी को मजबूत करने के लिए अतिरिक्त कक्षाओं का आयोजन किया जाए, बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए सैंपल पेपर नियमित रूप से हल करवाए जाएं, ओपन टेक्स्ट बुक एग्जाम की तर्ज पर विद्यार्थियों में लिखित अभ्यास एवं उत्तर लेखन की क्षमता विकसित की जाए। पीयर लर्निंग को बढ़ावा दिया जाए, ताकि विद्यार्थी एक-दूसरे से सीखकर अपनी कमजोरियों को दूर कर सकें। प्रत्येक विद्यालय में विद्यार्थियों की अधिकतम उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि पढ़ाई का कोई भी महत्वपूर्ण समय व्यर्थ न जाए। विद्यार्थियों की विषयवार कमजोरियों की पहचान कर उनके सुधार के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। @newstodayhry #newstodayhry

Related Articles

Back to top button