सुमन सैनी ने मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार का जताया आभार ll
सुमन सैनी ने मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार का जताया आभार ll

सिरसा – ( अक्षित कम्बोज ) भारतीय जनता पार्टी की जिला सचिव व जिला कष्ट निवारण समिति सदस्या सुमन सैनी ने हरियाणा सरकार द्वारा सिरसा जिले की पंचायती राज संस्थाओं के लिए करोड़ों रुपए का बजट जारी करने पर मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार का हृदय से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ग्रामीण अंचल के चहुंमुखी विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और यह बजट गांवों की तस्वीर बदलने में मील का पत्थर साबित होगा। प्रेस को जारी एक बयान में सुमन सैनी ने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के लिए सिरसा जिले को तीनों स्तरों पर कुल 37.62 करोड़ रुपए का विकास फंड मिलेगा। उन्होंने आंकड़ों की जानकारी देते हुए बताया कि सिरसा जिले के अंतर्गत आने वाली सभी 339 ग्राम पंचायतों के लिए 29 करोड़ रुपए की राशि जारी की गई है। इस जारी राशि में से अकेले सिरसा ब्लॉक की ग्राम पंचायतों के हिस्से में 4.84 करोड़ रुपए आए हैं। विशेष रूप से, सिरसा ब्लॉक के गांव माधोसिंघाना को ब्लॉक में सबसे अधिक 25.44 लाख रुपए की राशि राज्य वित्त आयोग द्वारा आवंटित की गई है। सुमन सैनी ने स्पष्ट किया कि ग्राम पंचायतों को जारी 29 करोड़ रुपए की इस राशि के अतिरिक्त, जिले की सातों पंचायत समितियों (ब्लॉक समितियों) के लिए 5.16 करोड़ रुपए और जिला परिषद के लिए 3.44 करोड़ रुपए का प्रावधान अलग से किया गया है। जिले के सभी सातों ब्लॉकों को उनकी विकास प्राथमिकताओं के अनुसार यह फंड आवंटित हुआ है। भाजपा जिला सचिव ने कहा कि इस राशि का इस्तेमाल ग्राम पंचायतें सीधे तौर पर आम जनता की सेवा और सुविधा के लिए कर सकेंगी। आवंटित बजट से गांवों में सड़क निर्माण, गली निर्माण, पक्की नालियां, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, स्वच्छता व सफाई अभियान और रात के समय रोशनी के लिए स्ट्रीट लाइट लगाने जैसे महत्वपूर्ण विकास कार्य करवाए जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि पंचायती राज के तीनों स्तरों पर मिला यह बजट दर्शाता है कि वर्तमान सरकार बिना किसी भेदभाव के हर गांव और हर ढाणी तक विकास का लाभ पहुंचा रही है। @newstodayhry #newstodayhry




