Haryana
Trending

सेठ सागरमल सुराणा जैन गर्ल्स सीनियर सैकेंडरी स्कूल में वार्षिक समारोह  ll

सेठ सागरमल सुराणा जैन गर्ल्स सीनियर सैकेंडरी स्कूल में वार्षिक समारोह

सिरसा – ( अक्षित कम्बोज ) सेठ सागरमल सुराणा जैन गर्ल्स सीनियर सैकेंडरी स्कूल, सिरसा का वार्षिक समारोह समर्पण-2026 सी.डी.एल. यूनिवर्सिटी के मल्टीपर्पज हॉल में अत्यंत भव्यता, गरिमा एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्ति से उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ नवकार महामंत्र के मंगलाचरण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात माँ सरस्वती की वंदना प्रस्तुत की गई। विद्यालय की प्रधानाचार्या रेनू बाला ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेल उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी। समारोह के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता एवं अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी आयुष कासनिया रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेठ सागरमल सुराणा चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष मक्खन लाल गोयल ने की। इस अवसर पर ट्रस्टी ललित डागा एवं देवेंद्र डागा तथा प्रबंधक समिति के सदस्य बलवंत राय, ज्ञान चंद एवं कुसुमलता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। समारोह का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे। नन्हे-मुन्ने बच्चों की कार्टून एवं वंडर किड्स प्रस्तुतियों ने दर्शकों को खूब आनंदित किया। मीरा एक्ट के माध्यम से भक्ति, आस्था एवं समर्पण की भावना को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया गया। वहीं साइबर क्राइम एक्ट के माध्यम से विद्यार्थियों ने डिजिटल सुरक्षा एवं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने का महत्वपूर्ण संदेश दिया। इसके अतिरिक्त सरस्वती वंदना, गरबा, खेल प्रदर्शन एवं संगीत प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। विद्यार्थियों ने नृत्य, अभिनय एवं भाषणों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विशेष रूप से स्टूडेंट-पैरेंट्स एक्ट ने अभिभावकों एवं दर्शकों को भावुक कर दिया। इस प्रस्तुति के माध्यम से पारिवारिक रिश्तों, माता-पिता के त्याग एवं बच्चों के प्रति उनके नि:स्वार्थ प्रेम को प्रभावशाली ढंग से दशार्या गया। इस अवसर पर शैक्षणिक एवं खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कक्षा दसवीं एवं बारहवीं के मेधावी विद्यार्थियों तथा विभिन्न कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। खेल प्रतियोगिताओं में विद्यालय का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को भी विशेष रूप से सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई। मुख्य अतिथि आयुष कासनिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन, निरंतर अभ्यास, आत्मविश्वास एवं समर्पण अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर पूरी निष्ठा, मेहनत एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। सेठ सागरमल सुराणा चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष मक्खन लाल गोयल ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि ट्रस्ट सदैव विद्यालय की निरंतर प्रगति, शैक्षणिक गुणवत्ता एवं सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा निरंतर प्रयास है कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं, ताकि वे शिक्षा, संस्कार एवं जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर अपने भविष्य को उज्ज्वल बना सकें। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विद्यालय परिवार को निरंतर आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रधानाचार्या रेनू बाला ने अपने संबोधन में कहा कि समर्पण केवल एक वार्षिक समारोह का नाम नहीं, बल्कि हमारे संस्कारों, जीवन मूल्यों एवं संकल्पों का प्रतीक है। यह उन प्रयासों और प्रतिबद्धताओं को दशार्ता है, जिनके माध्यम से विद्यालय प्रत्येक विद्यार्थी के सर्वांगीण विकास एवं उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन, ट्रस्ट के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों, अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों तथा गैर-शिक्षण कर्मचारियों का उनके अमूल्य सहयोग, विश्वास एवं समर्पित योगदान के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। @newstodayhry #newstodayhry

Related Articles

Back to top button