जांभाणी हरि कथा में नशा मुक्ति का संदेश, तस्करों की सूचना देने की अपीलII
जांभाणी हरि कथा में नशा मुक्ति का संदेश, तस्करों की सूचना देने की अपीलII

हिसार -(अमित कुमार):- पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धान्त जैन, आईपीएस के कुशल नेतृत्व एवं दिशा-निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष जागरूकता अभियान के तहत नशा मुक्ति टीम हिसार ने थाना आदमपुर क्षेत्र के गांव सारंगपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। गांव स्थित श्री गुरु जंभेश्वर भगवान विष्णु मंदिर के पवित्र प्रांगण में आयोजित जांभाणी हरि कथा के दौरान नशा मुक्ति टीम ने करीब 600 श्रद्धालुओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर नशा मुक्ति टीम हिसार के सब इंस्पेक्टर हवा सिंह ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ उसके सामाजिक जीवन और आर्थिक स्थिति को भी बुरी तरह प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, अपनी ऊर्जा पढ़ाई, खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों में लगाने तथा अपने परिवार और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे की लत न केवल एक व्यक्ति का जीवन बर्बाद करती है, बल्कि पूरे परिवार को प्रभावित करती है। इसलिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह युवाओं को नशे से बचाने और नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों की जानकारी पुलिस के साथ साझा करें, ताकि नशा तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके। कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति टीम ने श्रद्धालुओं के साथ अपने संपर्क मोबाइल नंबर भी साझा किए और नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना पुलिस तक पहुंचाने का आह्वान किया। टीम ने कहा कि नशे के खिलाफ इस अभियान को जनसहयोग से ही सफल बनाया जा सकता है। हिसार पुलिस की अपील: अपने बच्चों और युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। नशे के अवैध कारोबार की जानकारी पुलिस को दें और नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। #newstodayhry @newstodayhry




