महापुरुष किसी एक जाति के नहीं, पूरे समाज के होते हैं II
महापुरुष किसी एक जाति के नहीं, पूरे समाज के होते हैं II


महाराजा अग्रसेन सामुदायिक भवन का उद्घाटन – राजस्व मंत्री विपुल गोयल ने किया प्रतिमा का अनावरण
महापुरुष किसी एक जाति के नहीं, पूरे समाज के होते हैं:-
महाराजा अग्रसेन समिति के सेवा कार्यों की सराहना:-
दीपक मंगला बोले – अग्रवाल समाज ने हमेशा समाज सेवा में निभाई अग्रणी भूमिका:-
पलवल-(निकुंज गर्ग):- पलवल, आल्हापुर स्थित महाराजा अग्रसेन सामुदायिक भवन में महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा का भव्य अनावरण हरियाणा के राजस्व एवं शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के खेल मंत्री गौरव गौतम ने की, जबकि पूर्व विधायक दीपक मंगला विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर एवं पौधारोपण कर किया गया।
राजस्व मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि महापुरुष किसी एक जाति के नहीं, पूरे समाज के होते हैं और उनका जीवन मार्गदर्शक बनता है। उन्होंने बताया कि महाराजा अग्रसेन ने समाजवाद की जो नींव रखी थी, वह आज भी उतनी ही प्रासंगिक है। उन्होंने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश अनुसार अग्रोहा टीले की पुन: खुदाई की जा रही है, जिससे महाराजा अग्रसेन के इतिहास के बारे में नई जानकारी प्राप्त हो रही है। उन्होंने यह भी बताया कि युवा पीढ़ी को जागरूक करने के लिए महाराजा अग्रसेन पर आधारित एक सीरियल तैयार किया जा रहा है।
पूर्व विधायक दीपक मंगला ने अपने संबोधन में कहा कि अग्रवाल समाज ने हर परिस्थिति में समाज सेवा को प्राथमिकता दी है। महाराजा अग्रसेन की नीतियों को अपनाकर अग्रवाल समाज ने व्यापार, सामाजिक उत्थान और आपदा काल में जनसेवा के क्षेत्र में मिसाल पेश की है। उन्होंने समिति के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में जागरूकता और एकता का संदेश देते हैं। मंगला ने महाराजा अग्रसेन सामुदायिक भवन को जनसेवा का सशक्त केंद्र बताते हुए इसके अधिकतम सामाजिक उपयोग का सुझाव दिया।
खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा केवल एक प्रतिमा नहीं बल्कि समाज के प्रति जागरूकता और प्रेरणा का प्रतीक है। उन्होंने समिति द्वारा कोरोना काल में निभाई गई भूमिका की प्रशंसा करते हुए समाज से सहयोग की अपील की। इस मौके पर नगर परिषद चेयरमैन डॉ. यशपाल, जिला नगर आयुक्त मनीषा शर्मा, समिति अध्यक्ष अनिल मोहन मंगला सहित पवन अग्रवाल, शीतल गुप्ता, मोहनलाल, प्रवीण अग्रवाल, चंद्रभान गुप्ता, अतुल मंगला, बलराज गुप्ता, भगवत स्वरूप समेत अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।। #newstodayhry @newstodayhry



