Haryana
Trending

महापुरुषों के आदर्शों पर चलने की प्रेरणा: अहिंसा दिवस पर विशेष आयोजन II

महापुरुषों के आदर्शों पर चलने की प्रेरणा: अहिंसा दिवस पर विशेष आयोजन II

सिरसा-(अक्षित कम्बोज):- जिला सिरसा के द्वारा महात्मा गांधी जी के जन्म दिवस को “अहिंसात्मक दिवस” के रूप में मनाया गया। इसी कड़ी में राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बप्पा के प्रांगण में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के प्रवक्ता नरेश कुमार ग्रोवर ने बच्चों को संबोधित करते हुए महापुरुषों के जीवन परिचय पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जी ने अपने जीवन से यह सिखाया कि सत्य, अहिंसा, त्याग और तपस्या जैसे मूल्यों को अपनाकर ही हम अपने समाज और राष्ट्र को नई दिशा दे सकते हैं। नरेश कुमार ग्रोवर ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि केवल महापुरुषों के विचारों को पढ़ना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें जीवन में उतारना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी ने जिस मार्ग पर चलकर भारत को नई ऊँचाइयाँ दीं, हमें भी उसी मार्ग पर चलकर अपने जीवन को संस्कारित करना चाहिए। इस अवसर पर बच्चों ने भजन “पीर पराई जाने दे” तथा गीत “दे दी हमें आज़ादी बिना खड्ग बिना ढाल” और “साबरमती के संत तूने कर दिया कमाल” गाकर महापुरुषों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही विद्यार्थियों ने शपथ ली कि वे सदैव उनके दिखाए मार्ग पर चलेंगे और अपने जीवन में इन महान गुणों का विस्तार करेंगे। विद्यालय के प्रधानाचार्य शुभकरण शर्मा जी ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी जी और लाल बहादुर शास्त्री जी जैसी विभूतियाँ हमारे लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उनके आदर्शों को अपनाकर ही हम सच्चे अर्थों में अच्छे नागरिक बन सकते हैं और राष्ट्र की सेवा कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे सदैव ईमानदारी, सादगी और अनुशासन को अपने जीवन में स्थान दें।। #newstodayhry @newstodayhry

Related Articles

Back to top button