CM नायब सैनी का युवाओं को बड़ा संदेश— नौकरी नहीं, नौकरी देने वाले बनो II
CM नायब सैनी का युवाओं को बड़ा संदेश— नौकरी नहीं, नौकरी देने वाले बनो II

यमुनानगर-(मनदीप कौर):-हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी आज यमुनानगर के गुरु नानक खालसा कॉलेज पहुंचे, जहां उन्होंने कॉलेज के 160 विद्यार्थियों एवं खिलाड़ियों को डिग्रियां प्रदान की। इस अवसर पर कुछ विद्यार्थियों को नियुक्ति पत्र भी दिए गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह आपकी मंजिल नहीं है। आज से नई मंजिल की शुरुआत होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह इन विद्यार्थियों में देश का भविष्य देख रहे हैं। इन्हीं में से कोई डॉक्टर बनेगा, कोई इंजीनियर बनेगा, कोई वैज्ञानिक बनेगा, कोई आईपीएस बनेगा, कोई आईएएस बनेगा। उन्होंने कहा कि उन्हें इन विद्यार्थियों में प्रधानमंत्री के 2047 के विकसित भारत की नींव नजर आती है। उन्होंने विद्यार्थियों को कहा कि वह बड़ा सपना देखें और सपना पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के शब्दों में सोते हुए नहीं बल्कि जागते हुए देखे और ऐसा सपना देखे कि वह आपको सोने ना दे। उन्होंने कहा कि हरियाणा में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए जहां हर 20 किलोमीटर में एक राजकीय महाविद्यालय खोला गया है वहीं ब्लॉक स्तर पर पीएम श्री स्कूल खोले गए हैं। उन्होंने जानकारी दी की हरियाणा में मिशन बुनियाद के तहत 103 स्कूलों में एक अभियान शुरू करके उसमें 400 विद्यार्थियों को सुपर हंड्रेड के तहत तैयार किया गया। और यह ऐसी तैयारी थी जिसमें से देश के लगभग सभी प्रमुख आईआईटी, आईआईएम में 277 विद्यार्थियों का दाखिला हुआ। यह वह विद्यार्थी थे जो ग्रामीण इलाकों से आते थे जो शिक्षा पर ज्यादा पैसा खर्च नहीं कर सकते थे। उन्होंने यह भी बताया कि इसी तरह इनमें से 61 बच्चों ने नीट की परीक्षा दी ,जिसमें सफल होने पर उन्हें एमबीबीएस में दाखिला मिला । उन्होंने कॉलेज के नाम करण को लेकर कहा कि यह गुरु नानक देव जी के नाम पर स्थापित कॉलेज है। जो गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं पर ही चलते हुए शिक्षा का ज्ञान प्रदान कर रहा है, जहां से लगातार विद्यार्थी निकालकर देश की सेवा में अपना योगदान दे रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वह नौकरी लेने वाले नहीं नौकरी देने वाले बने। @newstodayhry #newstodayhry



