एसपी सिद्धान्त जैन की नई पहल, अपराध की सूचना के लिए जारी किए 24×7 दो विशेष मोबाइल एवं व्हाट्सएप नंबर ll
एसपी सिद्धान्त जैन की नई पहल, अपराध की सूचना के लिए जारी किए 24×7 दो विशेष मोबाइल एवं व्हाट्सएप नंबर ll

हिसार-(अमित कुमार):-अब जिले में अपराध से जुड़ी किसी भी सूचना को पुलिस तक पहुंचाने के लिए आम नागरिकों को किसी मध्यस्थ की आवश्यकता नहीं होगी। पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस की पहल पर पुलिस कंट्रोल रूम के लिए दो विशेष मोबाइल एवं व्हाट्सएप नंबर जारी किए गए हैं, जिन पर नागरिक 24 घंटे किसी भी समय अपराध, नशा तस्करी, संदिग्ध गतिविधि, अवैध हथियार, जुआ-सट्टा, साइबर अपराध, महिला एवं बाल अपराध, यातायात संबंधी समस्याओं अथवा कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी सूचना सीधे हिसार पुलिस तक पहुंचा सकते हैं।
यह पहल मासिक मीडिया बैठक के दौरान पत्रकारों द्वारा दिए गए सुझाव पर शुरू की गई है, ताकि आमजन और पुलिस के बीच सीधा संवाद स्थापित हो तथा सूचना मिलते ही पुलिस बिना देरी के कार्रवाई कर सके।
विशेष सूचना एवं व्हाट्सएप नंबर
📱88140-12342
📱 88140-57100
इन दोनों नंबरों पर कॉल करने के साथ-साथ व्हाट्सएप के माध्यम से फोटो, वीडियो, ऑडियो, दस्तावेज़ और लोकेशन भी भेजी जा सकती है। प्रत्येक सूचना पर हिसार पुलिस तत्काल संज्ञान लेकर नियमानुसार कार्रवाई करेगी तथा सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
कंट्रोल रूम में प्राप्त प्रत्येक सूचना का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाएगा और उसे संबंधित थाना, चौकी या शाखा को तुरंत भेजकर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इससे हर सूचना की मॉनिटरिंग, पारदर्शिता और जवाबदेही भी सुनिश्चित होगी।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धान्त जैन ने कहा कि “अपराध पर प्रभावी नियंत्रण तभी संभव है, जब पुलिस और आमजन मिलकर कार्य करें। आपकी एक सूचना किसी बड़ी वारदात को रोक सकती है। यदि कहीं भी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत इन नंबरों पर सूचना दें। आपकी पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।”
उन्होंने कहा कि हिसार पुलिस “जन सहयोग, जन विश्वास और जन सुरक्षा” के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। यह पहल आमजन और पुलिस के बीच विश्वास को और मजबूत करेगी तथा अपराधियों के विरुद्ध त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। @newstodayhry #newstodayhry




