Haryana
Trending

नशे के खिलाफ गांव बना प्रहरी, हिसार पुलिस ने जगाई नई उम्मीद ll

नशे के खिलाफ गांव बना प्रहरी, हिसार पुलिस ने जगाई नई उम्मीद ll

हिसार-(अमित कुमार):-पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन के सफल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में हिसार पुलिस की नशा मुक्ति टीम द्वारा जिले को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से लगातार जन-जागरूकता एवं पुनर्वास अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज थाना उकलाना क्षेत्र के गांव भैंनी बादशाहपुर, गांव बुड्ढा खेड़ा तथा मंडी उकलाना में व्यापक जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धान्त जैन ने बताया कि गांव भैंनी बादशाहपुर स्थित दादा खेड़ा मंदिर चौक के पवित्र प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 70 ग्रामीणों, जिनमें बच्चे, युवा, महिलाएं एवं पुरुष शामिल रहे, ने भाग लिया। उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर हिसार पुलिस की नशा मुक्ति टीम तथा पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त सब इंस्पेक्टर धर्मपाल ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया तथा स्वयं एवं अपने परिवार को नशे से दूर रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया। टीम ने गांव के सरपंच, ग्रामीणों, नशा पीड़ितों एवं उनके परिजनों से भी मुलाकात कर नशा पीड़ितों को उपचार के लिए प्रेरित किया तथा क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां भी एकत्रित कीं।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई तथा समाज की सहभागिता से नशा मुक्त वातावरण तैयार करने का संदेश दिया गया।
एसपी सिद्धान्त जैन ने बताया कि जिले में 04 नए नशा पीड़ितों की पहचान की गई। इनमें से 01 नशा पीड़ित को नागरिक अस्पताल हिसार से एलोपैथिक एवं आयुर्वेदिक दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं, जबकि 10 नशा पीड़ितों को उनके घर जाकर पहली बार आयुर्वेदिक दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं। इसके अतिरिक्त 09 नशा पीड़ितों को नागरिक अस्पताल के नशा मुक्ति केंद्र से दूसरी बार दवाइयां दिलवाई गईं।
उन्होंने बताया कि कुल 20 नशा पीड़ितों को घर-घर जाकर आयुर्वेदिक एवं नागरिक अस्पताल से एलोपैथिक दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं। साथ ही उनका ब्लड टेस्ट, स्वास्थ्य परीक्षण एवं काउंसलिंग भी करवाई गई ताकि वे नशे की लत से स्थायी रूप से बाहर निकल सकें।
अभियान का सकारात्मक परिणाम यह रहा कि हिसार पुलिस की नशा मुक्ति टीम से प्रेरित होकर एक नशा पीड़ित ने स्वेच्छा से नागरिक अस्पताल स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती होकर उपचार शुरू किया।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धान्त जैन ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। हिसार पुलिस का उद्देश्य केवल नशा तस्करों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि नशे की गिरफ्त में आए लोगों को उपचार, परामर्श और पुनर्वास के माध्यम से मुख्यधारा में वापस लाना भी है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे नशा मुक्ति अभियान में सक्रिय सहयोग करें, नशा तस्करों की सूचना पुलिस को दें तथा अपने परिवार और आसपास के युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें, ताकि मिलकर नशा मुक्त, सुरक्षित और स्वस्थ हिसार का निर्माण किया जा सके। @newstodayhry #newstodayhry

Related Articles

Back to top button