#haryanagorvment

. डबवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मकान से मिला पटाखों का भारी स्टॉक

डबवाली :- (पंकज गोदारा) दीपावली पर्व के मद्देनजर आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा अवैध रूप से पटाखों का भंडारण एवं बिक्री करने वालों के खिलाफ डबवाली पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर आईपीएस के दिशानिर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय डबवाली श्री योगेश कटारिया के नेतृत्व में सीआईए डबवाली की टीम ने दमकल विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए मंडी डबवाली की राम नगर कॉलोनी में एक मकान पर छापेमारी कर 1 क्विंटल 19 किलो 310 ग्राम पटाखे एवं विस्फोटक सामग्री बरामद की है।इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सीआईए डबवाली में तैनात एएसआई बेअंत सिंह ने अपनी पुलिस टीम के साथ गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दमकल विभाग के अधिकारियों को सूचित कर मंडी डबवाली में स्थित रामनगर कॉलोनी में एक मकान पर संयुक्त रूप से मौके पर छापेमारी की।तलाशी के दौरान मकान से विभिन्न प्रकार की आतिशबाजी एवं पटाखों के कुल 34 पैकेट बरामद हुए। इनमें बुलेट बम, विभिन्न ब्रांड के पटाखे एवं आतिशबाजी की सामग्री शामिल थी। पुलिस टीम द्वारा आरोपी गुलशन कुमार से पटाखों के भंडारण एवं बिक्री संबंधी लाइसेंस व परमिट मांगा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस टीम ने बरामद सामग्री का वजन किया, जो कट्टों, गत्तों एवं पैकिंग सामग्री सहित कुल 119 किलो 310 ग्राम पाया गया। जिस संबंध में आरोपी गुलशन कुमार के खिलाफ थाना शहर डबवाली में धारा 288 बीएनएस तथा 9(बी) विस्फोटक अधिनियम, 1884 के तहत अभियोग दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।डबवाली पुलिस आमजन से अपील करती है कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखें तथा बिना वैध लाइसेंस एवं अनुमति के पटाखों का भंडारण या बिक्री न करें। रिहायशी क्षेत्रों में इस प्रकार की विस्फोटक सामग्री का अवैध भंडारण किसी भी समय गंभीर हादसे का कारण बन सकता है। अवैध रूप से पटाखे रखने या बेचने वालों की सूचना तुरंत अपने नजदीकी थाना अथवा चौकी में पुलिस को दें। आमजन की जान-माल की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ डबवाली पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button