भिवानी में विश्व हेपेटाइटिस दिवस पर बड़ा जागरूकता अभियान, शहर में निकली रैली ||
भिवानी में विश्व हेपेटाइटिस दिवस पर बड़ा जागरूकता अभियान, शहर में निकली रैली ||

भिवानी-(अभिषेक ठाकुर):-भिवानी में विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर जिला नागरिक अस्पताल से जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को सिविल सर्जन डॉ. रघुवीर सिंह शांडिल्य ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान लोगों को हेपेटाइटिस बी और सी की समय पर जांच, उपचार और बचाव के प्रति जागरूक किया गया। विश्व हेपेटाइटिस दिवस पर जिला नागरिक अस्पताल परिसर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वीबीडी विभाग, स्वास्थ्य कर्मियों, एमपीएचडब्ल्यू कर्मचारियों और जीएनएम नर्सिंग स्कूल की छात्राओं ने भाग लिया। इसके बाद शहर में जागरूकता रैली निकाली गई, जिसका उद्देश्य लोगों को हेपेटाइटिस जैसी गंभीर बीमारी के प्रति सचेत करना रहा। सिविल सर्जन डॉ. रघुवीर सिंह शांडिल्य ने बताया कि हेपेटाइटिस बी और सी का समय पर पता लगाकर इलाज शुरू किया जाए तो लिवर सिरोसिस और लिवर कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में हेपेटाइटिस की जांच, वायरल लोड टेस्ट और आवश्यक दवाइयों की सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने लोगों से हेपेटाइटिस बी, सी और एचआईवी की समय-समय पर जांच कराने की अपील की। कार्यक्रम में शामिल जीएनएम सेकंड ईयर की छात्रा निशा ने बताया कि हेपेटाइटिस मुख्य रूप से संक्रमित रक्त, असुरक्षित ब्लड ट्रांसफ्यूजन, संक्रमित सुई या अन्य संक्रमित माध्यमों से फैल सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह बीमारी हाथ मिलाने, गले मिलने या सामान्य संपर्क से नहीं फैलती। रैली के माध्यम से आमजन को बीमारी से बचाव और समय पर जांच के प्रति जागरूक किया गया। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जागरूकता, समय पर जांच और सुरक्षित जीवनशैली अपनाकर हेपेटाइटिस जैसी गंभीर बीमारी से काफी हद तक बचाव संभव है। इसी संदेश के साथ विश्व हेपेटाइटिस दिवस पर यह जागरूकता रैली निकाली गई। @newstodayhry #newstodayhry



