डीएसपी राजवीर सिंह ने शहीद उधम सिंह के बलिदान को किया नमन, नशे के खिलाफ लड़ाई में युवाओं से आह्वान ll
डीएसपी राजवीर सिंह ने शहीद उधम सिंह के बलिदान को किया नमन, नशे के खिलाफ लड़ाई में युवाओं से आह्वान ll

सिरसा-(अक्षित कम्बोज):-शहीद उधम सिंह के बलिदान दिवस पर शुक्रवार को सुर्खाब चौक स्थित शहीद उधम सिंह पार्क में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डीएसपी राजवीर सिंह ने शहीद उधम सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके देशप्रेम, साहस व बलिदान को याद किया। इस अवसर पर डीएसपी राजवीर सिंह ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि शहीद उधम सिंह का जीवन देशभक्ति, त्याग और अन्याय के खिलाफ संघर्ष की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष 31 जुलाई को उनका बलिदान दिवस मनाकर देश उनके अद्वितीय योगदान को याद करता है। डीएसपी ने कहा कि नशा आज समाज के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है। यह केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सिरसा पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। जनसहयोग के बिना इस सामाजिक बुराई को जड़ से समाप्त करना संभव नहीं है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया और शहीद उधम सिंह के आदर्शों पर चलने का प्रण दोहराया। @newstodayhry #newstodayhry




