Haryana
Trending

बच्चों की सुरक्षा को लेकर एसपी सिद्धान्त जैन की अभिभावकों से अहम अपील ll

बच्चों की सुरक्षा को लेकर एसपी सिद्धान्त जैन की अभिभावकों से अहम अपील ll

हिसार-(अमित कुमार):-पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने जिले के सभी अभिभावकों से अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रत्येक अभिभावक का जागरूक और जिम्मेदार होना अत्यंत आवश्यक है। थोड़ी-सी लापरवाही भी किसी बड़ी घटना का कारण बन सकती है।
एसपी सिद्धान्त जैन ने कहा कि अभिभावक अपने छोटे बच्चों को अकेले घर से बाहर न भेजें। आवश्यकता होने पर भी उन्हें किसी अनजान व्यक्ति या बिना विश्वसनीय निगरानी के कहीं न भेजें। यदि बच्चे पड़ोस में खेलने या किसी परिचित के घर भी जा रहे हों तो उनकी जानकारी रखें तथा समय-समय पर उनकी निगरानी करते रहें।
उन्होंने कहा कि बच्चों को “गुड टच-बैड टच” के बारे में उनकी उम्र के अनुसार अवश्य समझाएं। साथ ही उन्हें यह भी सिखाएं कि यदि कोई व्यक्ति उन्हें बहलाने-फुसलाने, लालच देने या कहीं साथ चलने के लिए कहे तो वे तुरंत अपने माता-पिता या किसी विश्वसनीय बड़े व्यक्ति को इसकी जानकारी दें।
हिसार पुलिस की अभिभावकों से अपील
• छोटे बच्चों को अकेले बाहर न भेजें।
• बच्चों की गतिविधियों और आने-जाने पर नियमित नजर रखें।
• बच्चों को अजनबियों से दूरी बनाए रखने की सीख दें।
• बच्चों को अपना नाम, माता-पिता का नाम, पता एवं मोबाइल नंबर याद करवाएं।
• बच्चों को किसी भी प्रकार की असहज घटना तुरंत माता-पिता या शिक्षकों को बताने के लिए प्रेरित करें।
• स्कूल आने-जाने के दौरान सुरक्षित परिवहन एवं विश्वसनीय व्यक्ति का ही चयन करें।
एसपी सिद्धान्त जैन ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि किसी बच्चे के साथ कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे, कोई बच्चा असहाय अवस्था में मिले अथवा कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। समय पर दी गई एक सूचना किसी बच्चे का भविष्य सुरक्षित कर सकती है।
उन्होंने कहा कि हिसार पुलिस बच्चों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा प्रत्येक सूचना पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी।
हिसार पुलिस की अपील:
“बच्चों को समय दें, उन पर विश्वास करें, उनकी बात ध्यान से सुनें और उनकी सुरक्षा को कभी भी हल्के में न लें। आपकी सतर्कता ही आपके बच्चे की सबसे बड़ी सुरक्षा है।” @NEWSTODAYHRY #NEWSTODAYHRY

Related Articles

Back to top button