Haryana
Trending

54 लाख की हेरोइन के साथ नशा तस्कर दबोचा ll

54 लाख की हेरोइन के साथ नशा तस्कर दबोचा ll

डबवाली-(पंकज गोदारा):-डबवाली में नशा तस्करों के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच डबवाली पुलिस ने एक और बड़ी सफलता दर्ज करते हुए नशे के कारोबार पर करारा प्रहार किया है । पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर, आईपीएस के कुशल नेतृत्व में सीआईए स्टाफ डबवाली प्रभारी उप नि. शैलेन्द्र कुमार की टीम ने थाना कालांवाली क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक स्कूटी सवार युवक को 270 ग्राम 550 मिलीग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित गिरफ्तार किया है । बरामद हेरोइन की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत 54 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है । व्यावसायिक श्रेणी (कमर्शियल क्वांटिटी) की यह बरामदगी नशा तस्करों के नेटवर्क पर डबवाली पुलिस की बड़ी चोट है ।
इस संबंध में जानकारी देते हुए उप पुलिस अधीक्षक कालांवाली श्री ललित कुमार, एचपीएस ने बताया कि 02 अगस्त 2026 को सीआईए स्टाफ डबवाली की टीम गश्त एवं अपराध रोकथाम के दौरान मंडी कालांवाली में मौजूद थी । इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक स्कूटी सवार युवक भारी मात्रा में हेरोइन लेकर ओढ़ा-कैंचियां कालांवाली पर खड़ा है । सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए योजनाबद्ध घेराबंदी की और मौके से आरोपी हरमीत सिंह को स्कूटी सहित काबू कर लिया ।नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 270 ग्राम 550 मिलीग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ तथा स्कूटी को कब्जे में लेकर आरोपी के विरुद्ध थाना कालांवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है ।
डीएसपी श्री ललित कुमार ने बताया कि आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है । जो रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से पूछताछ के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि हेरोइन कहां से लाई गई, कहां इसकी सप्लाई की जानी थी तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य तस्कर कौन हैं । पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर अन्य आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी ।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि डबवाली पुलिस की लड़ाई केवल नशा बेचने वालों से नहीं, बल्कि नशे की पूरी सप्लाई चेन से जुड़े हर व्यक्ति से है । युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
डीएसपी श्री ललित कुमार ने आमजन से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी नशा तस्करी या मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी मिले तो तुरंत मानस पोर्टल, हेल्पलाइन 1933, डबवाली पुलिस के मोबाइल नंबर 9138999748 अथवा अपने नजदीकी थाना या पुलिस चौकी में सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी ।
डबवाली पुलिस का संदेश स्पष्ट है—नशे के खिलाफ अभियान और अधिक तेज होगा, तस्करों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए हर स्तर पर कठोर कदम उठाए जाएंगे । @newstodayhry #newstodayhry

Related Articles

Back to top button