साइबर अपराध व रंगदारी की घटनाओं से सुरक्षा देगा अभेद्य एप:- एसएचओ ll
साइबर अपराध व रंगदारी की घटनाओं से सुरक्षा देगा अभेद्य एप:- एसएचओ ll

सिरसा-(अक्षित कम्बोज):-हरियाणा पुलिस ने साइबर अपराध, धमकी भरे कॉल्स और रंगदारी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से ‘अभेद्य’ मोबाइल एप शुरू किया है। यह देश में अपनी तरह का पहला मोबाइल आधारित सुरक्षा प्लेटफॉर्म है, जो नागरिकों को संदिग्ध कॉल्स, धमकी भरे संदेशों, स्टॉकिंग और डिजिटल उत्पीडऩ से बचाने में सक्षम है। यह बात शहर थाना सिरसा के एसएचओ रामनिवास ने आज आढ़तियों, व्यापारियों व उद्योगपतियों के एक कार्यक्रम में कही। यह कार्यक्रम सिरसा की सेकंड एडिशनल मंडी में राजेंद्र झिड़ीवाला की दुकान नंबर 13 (नंदलाल) पर आयोजित किया गया था। एसएचओ ने कहा कि बदलते समय में अपराधी इंटरनेट आधारित कॉलिंग, फर्जी नंबरों और डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल कर लोगों को डराने और ठगी करने का प्रयास कर रहे हैं, ऐसे में यह एप नागरिकों के लिए एक मजबूत सुरक्षा कवच साबित होगा। उन्होंने कहा कि देश के भीतर से आने वाली कॉल्स को ट्रेस करना अपेक्षाकृत सरल होता है, जबकि विदेशी नंबरों से आने वाली कॉल्स एक बड़ी तकनीकी चुनौती पेश करती हैं। इसी चुनौती से निपटने के लिए यह एप विकसित किया गया है। अभेद्य एप अज्ञात और संदिग्ध नंबरों से आने वाली कॉल्स और संदेशों की पहचान कर उन्हें उपयोगकर्ता तक पहुंचने से पहले ही रोक देता है। यह विशेष रूप से अंतरराष्ट्रीय, वर्चुअल और अनसेव्ड नंबरों की निगरानी करता है तथा संदिग्ध पाए जाने पर कॉल को स्वत: रिजेक्ट कर नंबर को ब्लॉक कर देता है। यह एप संदिग्ध चैट, वॉयस मैसेज, नोटिफिकेशन और वॉयस नोट को भी डिवाइस से हटा देता है, जिससे उपयोगकर्ता किसी भी प्रकार के मानसिक दबाव या भय से सुरक्षित रह सके। इतना ही नहीं, विदेशो से आने वाली संदिग्ध कॉल्स पर भी नजर जाएगी। इससे एक तरफ उपयोगकर्ता मानसिक दबाव से दूर रहेगा। वही दूसरी तरफ संदिग्ध कॉल करने वाले व्यक्ति को हरियाणा पुलिस द्वारा बैकहैंड से ट्रेस किया जाएगा। उन्होंने मौके पर ही उपस्थित आढ़तियों, व्यापारियों व उद्योगपतियों के मोबाइल में इस एप को डाउनलोड करवाया। व्यापारियों ने भी अपने-अपने मोबाइल में इस एप को डाउनलोड किया। इसके साथ ही एसएचओ ने आढ़तियों से नशे की रोकथाम व नशा तस्करी से जुड़े लोगों की सूचना देने का आह्वान किया। इस अवसर पर आढ़ती एसोसिएशन के पूर्व प्रधान मनोहर मेहता, राजेंद्र झिड़ीवाला, राजू सुधा, महावीर शर्मा, सुशील कस्वां, सुशील रहेजा, कोषाध्यक्ष कृष्ण गोयल, दीपक नड्डा, सुधीर ललित, गुरजंट सिंह गिल, प्रेम सरदाना, ओमप्रकाश वधवा, राकेश, अनु कुमार, संजय कुमार, संजय गर्ग, ओमती ललित, राजकुमार, सुनील सर्राफ सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे। @newstodayhry #newstodayhry



