6 अगस्त को सिरसा में मेगा मॉक ड्रिल, बजेगा चेतावनी सायरन ll
6 अगस्त को सिरसा में मेगा मॉक ड्रिल, बजेगा चेतावनी सायरन ll

सिरसा-(अक्षित कम्बोज):-नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा आपदा प्रबंधन की बारीकियों और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित संबंधित तैयारियों को जांचने के लिए छह अगस्त को प्रात: 11 बजे शहीद भगत सिंह स्टेडियम, सिरसा में मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया जाएगा। इस मॉक एक्सरसाइज की तैयारियों को लेकर जिला राजस्व अधिकारी संजय चौधरी की अध्यक्षता में मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित डीआरओ कार्यालय कक्ष में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। डीआरओ संजय चौधरी ने बताया कि मॉक एक्सरसाइज का उद्देश्य नागरिक सुरक्षा तंत्र एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली का परीक्षण और उसे अधिक प्रभावी बनाना है। निर्धारित मॉक एक्सरसाइज अनुसार हवाई हमले के बाद बिल्डिंग गिरने पर राहत एवं बचाव कार्य संबंधी तैयारियां परखी जाएगी। इस दौरान चेतावनी स्वरूप सायरन बजाया जाएगा, जिसके बाद सभी संबंधित विभाग, स्वयंसेवक और नागरिक निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करेंगे। अभ्यास के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, राहत एवं बचाव कार्य तथा आपातकालीन सेवाओं के समन्वय का प्रदर्शन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को किसी भी आपदा या आपात स्थिति के दौरान सतर्क रहने, घबराहट से बचने और सही तरीके से प्रतिक्रिया देने के लिए जागरूक करना है। बैठक में सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए गए, ताकि 6 अगस्त को आयोजित होने वाली मॉक एक्सरसाइज सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। @newstodayhry #newstodayhry




