Haryana
Trending

कटे होंठ-तालू से पीड़ित बच्चों के लिए उम्मीद की नई किरण, स्माइल ट्रेन चला रहा मुफ्त उपचार अभियान ll

कटे होंठ-तालू से पीड़ित बच्चों के लिए उम्मीद की नई किरण, स्माइल ट्रेन चला रहा मुफ्त उपचार अभियान ll

सिरसा-( अक्षित कम्बोज ):- कटे होंठ एवं तालू (क्लेफ्ट) जैसी जन्मजात समस्या के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने एवं प्रभावित बच्चों को समय पर नि:शुल्क उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अंतर्राष्ट्रीय गैर-सरकारी संस्था स्माइल ट्रेन द्वारा विश्वास चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से जिला सिरसा के गांव गंगा व गोरीवाला में विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को बताया गया कि क्लेफ्ट कोई अभिशाप या लाइलाज बीमारी नहीं है, बल्कि इसका उपचार पूरी तरह संभव है। समय पर सर्जरी एवं उचित चिकित्सा के माध्यम से कटे होंठ एवं तालू के साथ जन्म लेने वाले बच्चे भी अन्य बच्चों की तरह सामान्य, स्वस्थ एवं सम्मानजनक जीवन जी सकते हैं। इस अवसर पर विशेषज्ञों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बताया कि स्माइल ट्रेन भारत भर में अपने साझेदार अस्पतालों के माध्यम से कटे होंठ एवं तालू की सर्जरी, आवश्यक उपचार तथा संबंधित चिकित्सा सेवाएं पूर्णत: नि:शुल्क उपलब्ध कराती है। कार्यक्रम में लोगों को क्लेफ्ट की पहचान, समय पर उपचार के महत्व तथा उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विश्वास चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रतिनिधि प्रियंका आहुजा व विनय कुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि समाज में आज भी जानकारी के अभाव और सामाजिक संकोच के कारण कई बच्चे समय पर उपचार से वंचित रह जाते हैं। इसलिए इस अभियान का उद्देश्य लोगों को जागरूक करना, प्रभावित बच्चों की पहचान करना तथा उन्हें शीघ्र उपचार से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जिले के विभिन्न गांवों एवं शहरी क्षेत्रों में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि कोई भी बच्चा उपचार से वंचित न रहे। कार्यक्रम के दौरान जागरूकता सामग्री का वितरण भी किया गया तथा लोगों से अपील की गई कि यदि उनके परिवार या आसपास किसी नवजात या बच्चे में कटे होंठ या तालू की समस्या हो तो वे बिना किसी संकोच के उपचार हेतु आगे आएं तथा स्माइल ट्रेन की नि:शुल्क सेवाओं का लाभ उठाएं। अधिक जानकारी एवं उपचार संबंधी सहायता के लिए इच्छुक व्यक्ति स्माइल ट्रेन की टोल-फ्री हेल्पलाइन 1800-103-8301 पर संपर्क कर सकते हैं । स्माइल ट्रेन द्वारा उपलब्ध जानकारी के अनुसार संस्था अब तक भारत में 7.5 लाख से अधिक क्लेफ्ट सर्जरी का सहयोग कर चुकी है तथा 30 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में 130 से अधिक साझेदार अस्पतालों के माध्यम से नि:शुल्क उपचार उपलब्ध करा रही है। इस मौके पर गांवों के सरपंच सहित सैकड़ों महिलाएं उपस्थित थीं। @newstodayhry #newstodayhry

Related Articles

Back to top button