Haryana
Trending

महिला मंडल ने बढ़ाया मदद का हाथ, 2 बच्चों की पढ़ाई का उठाया जिम्मा।।

महिला मंडल ने बढ़ाया मदद का हाथ, 2 बच्चों की पढ़ाई का उठाया जिम्मा।।

सिरसा-(अक्षित कम्बोज ):- अखिल भारतीय सेवा संघ महिला मंडल ऐलनाबाद द्वारा समाजसेवा की दिशा में एक सराहनीय एवं अनुकरणीय पहल करते हुए हुड्डा कॉलोनी स्थित नि:शुल्क शिक्षा पाठशाला में जरूरतमंद बच्चों के लिए सेवा एवं सहयोग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर महिला मंडल की अध्यक्षा रितु गर्ग और उनकी टीम ने पाठशाला में पहुंचकर बच्चों से मुलाकात की और उनकी शिक्षा संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी ली, महिला मंडल ने पाठशाला में अध्ययनरत दो जरूरतमंद बच्चों को गोद लेकर उनकी पढ़ाई-लिखाई का पूरा खर्च उठाने की जिम्मेदारी ली। यह पहल बच्चों के भविष्य को संवारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके अतिरिक्त महिला मंडल की ओर से पाठशाला के 50 बच्चों के लिए यूनिफॉर्म भेंट की गई। आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बच्चे इसी यूनिफॉर्म में पाठशाला पहुंचेंगे। नई यूनिफॉर्म मिलने से बच्चों में विशेष उत्साह, खुशी और आत्मविश्वास देखने को मिला। बच्चों की शिक्षा के लिए महिला मंडल द्वारा 1,100 की आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान सभी बच्चों को चॉकलेट वितरित कर उनके साथ खुशियां सांझा की गई। महिला मंडल की सदस्यों ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ने, अच्छे संस्कार अपनाने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर अखिल भारतीय सेवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. इंद्र गोयल ने महिला मंडल ऐलनाबाद की पूरी टीम को इस पुनीत एवं प्रेरणादायी सेवा कार्य के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि किसी जरूरतमंद बच्चे की शिक्षा की जिम्मेदारी लेना केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि उसके उज्ज्वल भविष्य में विश्वास जताना है। शिक्षा के माध्यम से हम बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के भविष्य को मजबूत करते हैं। महिला मंडल द्वारा दो बच्चों को गोद लेना और 50 बच्चों को यूनिफॉर्म उपलब्ध करवाना अत्यंत सराहनीय कार्य है। पूरी टीम को शुभकामनाएं देता हूं और आशा करता हूं कि यह सेवा अभियान निरंतर आगे बढ़ेगा। डॉ. इंद्र गोयल ने समाज के सक्षम लोगों एवं सामाजिक संस्थाओं से भी आह्वान किया कि वे जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग के लिए आगे आएं, क्योंकि एक बच्चे की शिक्षा में किया गया सहयोग उसके पूरे जीवन को बदल सकता है। नि:शुल्क शिक्षा पाठशाला परिवार की ओर से महिला मंडल की पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि इस प्रकार के सहयोग से बच्चों को न केवल शिक्षा प्राप्त करने में मदद मिलती है, बल्कि उनके अंदर आगे बढ़ने का आत्मविश्वास भी पैदा होता है। एबीएसएस महिला मंडल की यह पहल निश्चित रूप से समाज के लिए एक प्रेरणादायी उदाहरण है और यह संदेश देती है कि आपका छोटा-सा सहयोग किसी बच्चे के बड़े सपने को नई उड़ान दे सकता है।। #Newstodayhry @Newstodayhry

Related Articles

Back to top button