सफाई कर्मचारी व पुलिस के बीच धक्का मुक्की।।
सफाई कर्मचारी व पुलिस के बीच धक्का मुक्की।।

सिरसा-(अक्षित कम्बोज ):- सिरसा में पिछले 17 दिनों से जारी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल ने आज उग्र रूप ले लिया। शहर को कूड़े के ढेर से निजात दिलाने उतरे जिला प्रशासन और प्रदर्शनकारी कर्मचारियों के बीच तीखी बहस के बाद धक्का-मुक्की हो गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लगभग 40 सफाई कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया। प्रशासन की इस कार्रवाई के विरोध में गुस्साए कर्मचारियों ने सिरसा के सिटी थाने का घेराव कर दिया और थाने के बाहर ही धरने पर बैठ गए। कर्मचारियों ने सरकार पर वादाखिलाफी का गंभीर आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। गौरतलब है कि पिछले 17 दिनों से जारी इस हड़ताल के कारण सिरसा शहर की स्थिति बदतर हो चुकी है और जगह-जगह डंप यार्ड जैसे हालात बन गए हैं। साफाई कर्मचारी राजेश ने कहा केि हम पिछले 17 दिनों से अपनी जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से हड़ताल पर हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन हमारी सुनने के बजाय तानाशाही पर उतर आया है। सरकार ने हमसे जो वादे किए थे, उनसे साफ मुकर चुकी है। आज जब प्रशासन जबरन कूड़ा उठाने लगा और हमने अपना हक मांगा, तो पुलिस ने हमारे साथियों के साथ धक्का-मुक्की की और 40 से ज्यादा कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया। जब तक हमारे साथियों को रिहा नहीं किया जाता और हमारी मांगें पूरी नहीं होतीं, यह धरना सिटी थाने के बाहर ऐसे ही जारी रहेगा। फिलहाल, सिटी थाने के बाहर भारी पुलिस बल तैनात है और तनाव का माहौल बना हुआ है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन और कर्मचारियों के बीच जारी यह टकराव कब खत्म होता है और सिरसा वासियों को इस गंदगी से कब राहत मिलती है।। #Newstodayhry @Newstodayhry




