नशे और साइबर अपराध के खिलाफ डबवाली पुलिस की मुहिम, स्कूलों में बच्चों को किया जागरूक ll
नशे और साइबर अपराध के खिलाफ डबवाली पुलिस की मुहिम, स्कूलों में बच्चों को किया जागरूक ll

डबवाली-(पंकज गोदारा):-युवाओं को नशे और साइबर अपराधों के जाल से सुरक्षित रखना पुलिस और समाज की साझा जिम्मेदारी है । इसी उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में डबवाली पुलिस द्वारा स्कूलों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है । पुलिस टीमों ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए उन्हें नशे के दुष्परिणामों, साइबर अपराधों से बचाव तथा मोबाइल फोन के सुरक्षित इस्तेमाल के प्रति जागरूक किया।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान के तहत थाना शहर डबवाली से पीएसआई प्रवीण कुमार ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मंडी डबवाली में विद्यार्थियों को जागरूक किया। वहीं दुर्गा शक्ति टीम कालांवाली ने गांव जगमालवाली के स्कूल तथा दुर्गा शक्ति टीम डबवाली ने गांव अबूबशहर के स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों से संवाद किया।
इस दौरान पुलिस टीमों ने विद्यार्थियों को समझाया कि नशे की शुरुआत अक्सर छोटी लगती है, लेकिन इसका असर व्यक्ति की पढ़ाई, स्वास्थ्य, रिश्तों और भविष्य तक पहुंच सकता है। गलत संगत, जिज्ञासा या दोस्तों का दबाव युवाओं को गलत रास्ते पर ले जा सकता है। इसलिए विद्यार्थियों को अपनी संगत के प्रति सजग रहने तथा शिक्षा, खेल, रचनात्मक गतिविधियों और सकारात्मक सोच को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस ने विद्यार्थियों से कहा कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे की गिरफ्त में है तो उसे तिरस्कार की दृष्टि से देखने के बजाय परिवार, पुलिस और नशा मुक्ति टीम के सहयोग से उपचार और सामान्य जीवन की ओर लौटने में मदद करें।
डबवाली पुलिस ने आमजन से अपील की कि यदि कहीं नशे की बिक्री, खरीद-फरोख्त, तस्करी या अन्य अवैध गतिविधि की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस चौकी, डबवाली पुलिस के मोबाइल नंबर 9138999748 अथवा मानस पोर्टल, हेल्पलाइन नंबर 1933 पर दी जा सकती है।आपकी एक सूचना किसी युवा को नशे की गिरफ्त में जाने से रोक सकती है और किसी परिवार को बिखरने से बचा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी तथा प्राप्त सूचना पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।पुलिस टीमों ने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन के सही और सुरक्षित इस्तेमाल के बारे में भी जागरूक किया ।
उन्हें बताया गया कि अनजान लिंक पर क्लिक करना, संदिग्ध ऐप डाउनलोड करना, ओटीपी या पासवर्ड साझा करना, सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करना और अनजान लोगों से ऑनलाइन संपर्क में सावधानी न बरतना साइबर अपराध का कारण बन सकता है।
विद्यार्थियों को सलाह दी गई कि मोबाइल और सोशल मीडिया अकाउंट पर मजबूत पासवर्ड रखें, सुरक्षा सुविधाओं का इस्तेमाल करें और किसी भी संदिग्ध लिंक या संदेश पर जल्दबाजी में प्रतिक्रिया न दें।डबवाली पुलिस ने विद्यार्थियों एवं आमजन से अपील की कि किसी भी प्रकार के साइबर अपराध या ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार होने पर बिना देरी किए साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं। साइबर अपराध की शिकायत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी की जा सकती है। वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में समय पर की गई शिकायत महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।डबवाली पुलिस द्वारा स्कूलों एवं शिक्षण संस्थानों में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि बच्चों और युवाओं को नशे से दूर, साइबर अपराधों के प्रति सजग और मोबाइल के सुरक्षित इस्तेमाल के प्रति जिम्मेदार बनाया जा सके।@newstodayhry #newstodayhry




