नशा मुक्त हिसार अभियान तेज, पुलिस ने 110 विद्यार्थियों को किया जागरूक; 12 नशा पीड़ितों को घर-घर पहुंचाया उपचार ll
नशा मुक्त हिसार अभियान तेज, पुलिस ने 110 विद्यार्थियों को किया जागरूक; 12 नशा पीड़ितों को घर-घर पहुंचाया उपचार ll

हिसार-(अमित कुमार):-पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन के सफल नेतृत्व में हिसार पुलिस द्वारा जिलेभर में चलाए जा रहे “नशा मुक्त हिसार” अभियान के तहत नशा मुक्ति पुलिस टीम ने थाना अग्रोहा क्षेत्र के गांव मीरपुर एवं गांव अग्रोहा में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखना, नशा पीड़ितों को उपचार से जोड़ना तथा ग्रामीणों को नशा तस्करों के खिलाफ जागरूक एवं सहभागी बनाना रहा।नशा मुक्ति पुलिस टीम से सब इंस्पेक्टर हवा सिंह ने गांव मीरपुर के राजकीय माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान करीब 110 छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों को पढ़ाई, खेल और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया तथा साइबर अपराध, महिला अपराध से बचाव और यातायात नियमों का पालन करने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को नशा मुक्त समाज बनाने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य सहित समस्त अध्यापकगण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों और परिवारों से संवाद, नशा पीड़ितों को उपचार के लिए किया प्रेरित – अभियान के दौरान पुलिस टीम ने गांव के सरपंच, ग्रामीणों, नशा पीड़ितों एवं उनके परिवारजनों से मुलाकात कर नशा मुक्ति अभियान में सहयोग की अपील की। टीम ने नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए लोगों से नशा तस्करों की सूचना पुलिस को देने का आग्रह किया।
12 नशा पीड़ितों तक घर-घर पहुंची हिसार पुलिस – नशा मुक्ति अभियान के तहत पुलिस टीम ने कुल 12 नशा पीड़ितों तक घर-घर पहुंचकर उपचार उपलब्ध करवाया।
• 06 नशा पीड़ितों को नागरिक अस्पताल हिसार से दूसरी बार उपचार हेतु दवाई दिलवाई गई।
• 06 नशा पीड़ितों को पहली बार घर जाकर आयुर्वेदिक उपचार उपलब्ध कराया गया।
• वहीं 01 नशा पीड़ित पुलिस टीम की प्रेरणा से नशा मुक्ति केंद्र, नागरिक अस्पताल हिसार में भर्ती हुआ, ताकि वह उपचार लेकर सामान्य जीवन की ओर लौट सके।
युवाओं का भविष्य बचाना हिसार पुलिस की प्राथमिकता : एसपी सिद्धान्त जैन , पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धान्त जैन ने कहा कि हिसार पुलिस का उद्देश्य केवल नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि नशे की गिरफ्त में आए लोगों को उपचार और पुनर्वास से जोड़कर उन्हें मुख्यधारा में वापस लाना भी है।उन्होंने कहा कि नशा मुक्त हिसार अभियान में समाज, परिवार, शिक्षण संस्थानों और ग्रामीणों की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। यदि किसी क्षेत्र में नशे का कारोबार या नशा बेचने वालों की जानकारी मिले तो नागरिक तुरंत पुलिस को सूचना दें। हिसार पुलिस प्रत्येक सूचना पर संवेदनशीलता और गोपनीयता के साथ कार्रवाई करेगी। हिसार पुलिस की अपील: “आइए, मिलकर नशा मुक्त, सुरक्षित और जागरूक हिसार के निर्माण में अपना सहयोग दें।” @newstodayhry #newstodayhry




