ऑपरेशन मुस्कान के तहत हिसार पुलिस की त्वरित कार्रवाई II
ऑपरेशन मुस्कान के तहत हिसार पुलिस की त्वरित कार्रवाई II

हिसार-(अमित कुमार):- ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस चौकी 12 क्वार्टर की टीम ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए घर से बिछड़े 5 वर्षीय बच्चे को मात्र एक घंटे में उसके परिजनों से मिलाया। पुलिस चौकी 12 क्वार्टर के प्रभारी सहायक उप निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस चौकी को एक करीब 5 वर्षीय बच्चा मिला, जो अपना नाम विहान बता रहा था, लेकिन वह अपने घर का पता या परिजनों के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहा था। बच्चे की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस टीम ने तुरंत उसकी पहचान और परिजनों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने CCTV फुटेज खंगालने के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाई और लगातार प्रयास करते हुए मात्र एक घंटे के भीतर बच्चे के परिजनों का पता लगा लिया। इसके बाद पुलिस टीम ने बच्चे विहान को सकुशल उसके परिजनों के हवाले कर दिया। अपने बच्चे को सकुशल पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और हिसार पुलिस की त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई के लिए पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद किया। पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन ने पुलिस चौकी 12 क्वार्टर की टीम की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा हिसार पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। किसी भी बच्चे के गुम होने अथवा अकेले मिलने की सूचना पर पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाता है। हिसार पुलिस की अपील: यदि कोई बच्चा गुम हो जाए या किसी स्थान पर अकेला बच्चा मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। आपकी छोटी-सी सूचना किसी बच्चे को उसके परिवार से मिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। #newstodayhry @newstodayhry




