#haryanagorvmentHaryana

मोटरसाइकिल चोरी करने वाले 2 आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े, 2 बाइक बरामद

हिसार :- ( अमित कुमार )पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धांत जैन के कुशल दिशा-निर्देशन एवं मार्गदर्शन में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, थाना शहर हिसार के अंतर्गत चौकी पुलिस द्वारा मोटरसाइकिल चोरी के मामले को सुलझाने में एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की गई है। सहायक उप-निरीक्षक रविन्द्र द्वारा मामले की गहनता एवं तत्परता से की गई जांच के परिणामस्वरूप चोरी की 2 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं तथा घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। शिकायतकर्ता सुरेन्द्र कुमार निवासी सीसर खरबला हांसी ने सिविल अस्पताल हिसार से अपनी लाल रंग की CD Delux मोटरसाइकिल (HR-21-C7104) चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी, जिस पर थाना शहर हिसार में धारा 305 BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान ASI रविंद्र ने मामले पर प्रभावी कार्रवाई की। रितिक निवासी बडवा (जिला भिवानी) द्वारा पेश की गई दो मोटरसाइकिलों—एक CD Delux (HR-21-C7104) तथा दूसरी Splendor (HR-20AJ-8592)—को पुलिस ने नियमानुसार कब्जे में लिया। मामले में आगे कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी राहुल उर्फ बच्ची पुत्र रंगलाल तथा आरोपी साहिल उर्फ गोलू पुत्र राजकुमार (दोनों निवासी बडवा, जिला भिवानी) को प्रोडक्शन वारंट पर अदालत में पेश कर जांच में शामिल किया और नियमानुसार गिरफ्तार किया। आरोपियों से पूछताछ के दौरान यह सामने आया कि दोनों आरोपियों ने मिलकर इन मोटरसाइकिलों को सिविल अस्पताल हिसार तथा पारिजात चौक जिम के पास से चोरी किया था। पुलिस हिरासत रिमांड के दौरान आरोपियों द्वारा चोरी के घटनास्थल की निशानदेही करवाई गई। अदालत के आदेशानुसार दोनों आरोपियों (राहुल उर्फ बच्ची व साहिल उर्फ गोलू) को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन ने ASI रविंद्र व उनकी टीम की सराहना करते हुए स्पष्ट किया है कि हिसार पुलिस जिले में चोरी व अन्य अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।#newstodayhry#newstodayhry

Related Articles

Back to top button