Haryana
Trending

हिसार पुलिस की नशे के खिलाफ घर-घर पहल, 4 माह में 656 नशा पीड़ितों को आयुर्वेदिक दवाइयां।।

हिसार पुलिस की नशे के खिलाफ घर-घर पहल, 4 माह में 656 नशा पीड़ितों को आयुर्वेदिक दवाइयां।।

हिसार-(अमित कुमार ):- पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के निर्देशानुसार हिसार पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई के साथ-साथ नशे की गिरफ्त में आए लोगों को नशा मुक्त करवाकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में हिसार पुलिस की नशा मुक्ति टीम द्वारा पिछले चार महीनों से जिले के 60 गांवों तथा बरवाला, उकलाना, हिसार व आदमपुर सहित 12 वार्डों में घर-घर जाकर 656 नशा पीड़ितों को आयुर्वेदिक दवाइयां उपलब्ध करवाई गई हैं। नशा मुक्ति टीम द्वारा नशा पीड़ितों को दवाइयां उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उन्हें नशा छोड़ने के लिए लगातार प्रेरित किया जा रहा है। पुलिस का प्रयास है कि नशे की समस्या से जूझ रहे प्रत्येक व्यक्ति को आवश्यक सहयोग, मार्गदर्शन एवं सहायता उपलब्ध करवाकर उसे सामान्य जीवन की ओर वापस लाया जाए।

केयरटेकर रोजाना ले रहे फीडबैक, दैनिक दिनचर्या पर भी रखी जा रही नजर

नशा पीड़ितों की लगातार देखभाल एवं फॉलोअप के लिए उनके साथ केयरटेकर नियुक्त किए गए हैं। केयरटेकर द्वारा प्रतिदिन नशा पीड़ितों से संपर्क कर उनका फीडबैक लिया जाता है तथा उनकी दैनिक दिनचर्या, दवा के सेवन और नशे से दूरी बनाए रखने के संबंध में जानकारी ली जाती है। यदि किसी नशा पीड़ित को किसी प्रकार की सहायता या परेशानी होती है तो उसे आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध करवाया जाता है।

“नशा पीड़ित को अकेला नहीं छोड़ना, उसे नशे से बाहर निकालकर मुख्यधारा में लाना है” : एसपी सिद्धान्त जैन

एसपी हिसार श्री सिद्धान्त जैन ने नशा मुक्ति टीम को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नशा पीड़ितों को केवल दवा उपलब्ध करवाना ही उद्देश्य नहीं है, बल्कि उन्हें नशे की लत से बाहर निकालकर समाज की मुख्यधारा में लाना है। इसके लिए टीम द्वारा लगातार संपर्क, फीडबैक, मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाई जाए। एसपी हिसार ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई दो स्तरों पर लगातार जारी है—एक तरफ नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और दूसरी तरफ नशे की चपेट में आए लोगों को नशा मुक्त करवाकर उनके जीवन को फिर से पटरी पर लाने का प्रयास। हिसार पुलिस नशा पीड़ितों और उनके परिवारों की हरसंभव सहायता के लिए लगातार प्रयासरत है।

परिजनों ने हिसार पुलिस के प्रयासों की सराहना की

हिसार पुलिस की नशा मुक्ति टीम द्वारा घर-घर पहुंचकर नशा पीड़ितों को दवाइयां उपलब्ध करवाने, नियमित फीडबैक लेने तथा आवश्यकता के अनुसार सहायता उपलब्ध करवाने की पहल की नशा पीड़ितों के परिजनों द्वारा सराहना की गई। परिजनों ने इस कार्य के लिए हिसार पुलिस का आभार व्यक्त किया और कहा कि पुलिस द्वारा किए जा रहे इस प्रयास से नशा पीड़ितों को नशा छोड़ने के लिए हौसला और परिवारों को भी सहयोग मिल रहा है।

यह अभियान लगातार रहेगा जारी

एसपी हिसार ने कहा कि नशा मुक्ति को लेकर हिसार पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस टीम द्वारा आने वाले समय में भी जिले के अधिक से अधिक गांवों एवं वार्डों में पहुंचकर नशा पीड़ितों से संपर्क किया जाएगा और उन्हें आवश्यक दवा, मार्गदर्शन, फॉलोअप एवं सहायता उपलब्ध करवाने का प्रयास जारी रहेगा। हिसार पुलिस का संदेश-नशा पीड़ित को अपराधी की नजर से नहीं, बल्कि उसे नशे से बाहर निकालकर समाज की मुख्यधारा में लाने के प्रयास के साथ देखें। नशे के खिलाफ इस मुहिम में परिवार और समाज पुलिस का सहयोग करें।। #Newstodayhry @Newstodayhry

Related Articles

Back to top button