गरीबी दर 27.1% से घटकर 2.6% होना बड़ी उपलब्धि: प्रदीप रातुसरिया
गरीबी दर 27.1% से घटकर 2.6% होना बड़ी उपलब्धि: प्रदीप रातुसरिया
सिरसा :- (अक्षित कम्बोज) वरिष्ठ भाजपा नेता प्रदीप रातुसरिया ने प्रेस बयान में कहा कि विश्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार भारत ने गरीबी उन्मूलन के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। जारी बयान में रातुसरिया ने कहा कि वर्ष 2011 से 2023 के बीच देश के लगभग 49.6 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। यह उपलब्धि भारत की बदलती आर्थिक तस्वीर और गरीब कल्याण के लिए केंद्र सरकार द्वारा किए गए प्रयासों को दशार्ती है। प्रदीप रातुसरिया ने कहा कि भारत में अत्यधिक गरीबी की दर 27.1 प्रतिशत से घटकर महज 2.6 प्रतिशत रह जाना एक बड़ी उपलब्धि है। इसी प्रकार प्रतिदिन 4.20 डॉलर से कम आय पर जीवन यापन करने वाली आबादी का अनुपात 57.7 प्रतिशत से घटकर 16.1 प्रतिशत पर आ गया है। विश्व बैंक के अनुमानों के अनुसार वर्ष 2028 तक यह आंकड़ा 12.1 प्रतिशत तक पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि ये आंकड़े बताते हैं कि देश में गरीब और मध्यम वर्ग की आर्थिक स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह कोई जादू नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू की गई गरीब कल्याण योजनाओं का परिणाम है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत लगभग 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध करवाया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों को पक्के मकान मिले हैं। इसके अलावा 12 करोड़ शौचालयों का निर्माण, 11 करोड़ से अधिक नल कनेक्शन, लगभग 50 करोड़ जनधन खाते और आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने जैसे कदमों ने गरीबों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचने से पारदर्शिता बढ़ी है और बिचौलियों की भूमिका कम हुई है। प्रदीप रातुसरिया ने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीबों को योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाकर उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अंत्योदय की भावना के साथ आगे बढ़ रहा है। सरकार का संकल्प है कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचे। उन्होंने कहा कि 49.6 करोड़ लोगों का गरीबी से बाहर निकलना केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि करोड़ों परिवारों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव और नए आत्मविश्वास का प्रतीक है। गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के माध्यम से भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

