जीवन प्रमाण पत्र के नाम पर पेंशनभोगियों से ठगी की साजिश, हिसार पुलिस ने जारी किया साइबर अलर्ट II
जीवन प्रमाण पत्र के नाम पर पेंशनभोगियों से ठगी की साजिश, हिसार पुलिस ने जारी किया साइबर अलर्ट II

हिसार-(अमित कुमार):- हरियाणा सरकार द्वारा पेंशनभोगियों को अपना वार्षिक जीवन प्रमाण पत्र (Life Certificate) जमा करवाने के लिए 1 नवंबर से 30 नवंबर तक का समय निर्धारित किए जाने के मद्देनजर हिसार पुलिस ने वरिष्ठ नागरिकों एवं पेंशनभोगियों के लिए विशेष साइबर सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने आगाह किया है कि साइबर अपराधी जीवन प्रमाण पत्र जमा करवाने और पेंशन अपडेट करने के नाम पर पेंशनभोगियों को अपना निशाना बना सकते हैं। ऐसे में किसी भी अनजान कॉल, मैसेज या लिंक पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें।
एसपी हिसार श्री सिद्धान्त जैन के दिशा-निर्देशन में जारी इस एडवाइजरी के माध्यम से हिसार पुलिस ने बताया कि-
साइबर ठग स्वयं को बैंक कर्मचारी, पेंशन विभाग का अधिकारी या सरकारी कर्मचारी बताकर पेंशनभोगियों से संपर्क कर सकते हैं। ठग जीवन प्रमाण पत्र अपडेट करने, डिजिटल सत्यापन पूरा करवाने या पेंशन बंद होने का डर दिखाकर मोबाइल में अनजान ऐप डाउनलोड करवाने, APK फाइल इंस्टॉल करवाने अथवा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने के लिए कह सकते हैं। इनके जरिए ठग मोबाइल की स्क्रीन देख सकते हैं या डिवाइस का अनधिकृत नियंत्रण हासिल करने का प्रयास कर सकते हैं और बैंक खाते से रकम उड़ा सकते हैं। #newstodayhry @newstodayhry
जीवन प्रमाण पत्र के नाम पर ठगी से बचने के लिए इन 7 बातों का रखें विशेष ध्यान:-
- अनजान कॉल पर न करें भरोसा: कोई व्यक्ति बैंक या पेंशन विभाग का कर्मचारी बनकर जीवन प्रमाण पत्र अपडेट करवाने के लिए फोन करे तो उसकी पहचान की पुष्टि संबंधित बैंक शाखा या आधिकारिक हेल्पलाइन से करें।
- अनजान ऐप और APK फाइल डाउनलोड न करें: जीवन प्रमाण पत्र जमा करवाने के नाम पर किसी के कहने पर मोबाइल में कोई अनजान ऐप इंस्टॉल न करें। किसी को स्क्रीन शेयरिंग या रिमोट एक्सेस की अनुमति न दें।
- OTP और बैंकिंग जानकारी किसी से साझा न करें: अपना OTP, ATM/डेबिट कार्ड PIN, CVV, इंटरनेट बैंकिंग पासवर्ड या बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी किसी को न बताएं।
- संदिग्ध लिंक से रहें दूर: WhatsApp, SMS या अन्य सोशल मीडिया माध्यमों पर प्राप्त अनजान लिंक पर क्लिक करके जीवन प्रमाण पत्र अपडेट न करें और न ही किसी अनजान वेबसाइट पर अपनी जानकारी भरें।
- केवल आधिकारिक माध्यम से जमा करवाएं प्रमाण पत्र: डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र के लिए भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल https://jeevanpramaan.gov.in/ अथवा अधिकृत सेवा केंद्र का ही उपयोग करें। जरूरत पड़ने पर संबंधित बैंक शाखा या पेंशन कार्यालय से सहायता लें।
पेंशन बंद होने की धमकी से न घबराएं: यदि कोई व्यक्ति तत्काल सत्यापन नहीं करवाने पर पेंशन बंद होने या बैंक खाता फ्रीज होने की धमकी देता है तो घबराकर कोई कदम न उठाएं। संबंधित विभाग से स्वयं संपर्क कर जानकारी की पुष्टि करें। - परिवार के बुजुर्गों को भी करें जागरूक: परिवार के सदस्य अपने माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों को साइबर ठगी के तरीकों के बारे में बताएं। जीवन प्रमाण पत्र जमा करवाने की प्रक्रिया में उनकी सहायता करें और उन्हें अनजान व्यक्तियों से सावधान रहने के लिए प्रेरित करें।
साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें कॉल:-
हिसार पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी पेंशनभोगी के साथ साइबर वित्तीय धोखाधड़ी हो जाती है तो बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें और www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करवाएं। साथ ही संबंधित बैंक को तुरंत सूचित करके खाते और संदिग्ध लेन-देन को सुरक्षित करवाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करें।
एसपी हिसार का पेंशनभोगियों के नाम संदेश:-
एसपी हिसार श्री सिद्धान्त जैन ने कहा कि पेंशनभोगियों की आर्थिक सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है। साइबर अपराधी लोगों के विश्वास, डर और जल्दबाजी का फायदा उठाकर उनकी जीवनभर की जमा-पूंजी को निशाना बनाते हैं। इसलिए पेंशनभोगी किसी भी अनजान व्यक्ति के बहकावे में न आएं और जीवन प्रमाण पत्र जमा करवाने की प्रक्रिया केवल अधिकृत माध्यम से ही पूरी करें। याद रखें—पेंशन आपकी मेहनत की कमाई है, इसे साइबर ठगों के हाथों में न जाने दें। जीवन प्रमाण पत्र जमा करवाने में जल्दबाजी नहीं, सही जानकारी और सतर्कता जरूरी है। #newstodayhry @newstodayhry




