खेत में आग नहीं, पराली से कमाई! किसानों को SP सिद्धान्त जैन का संदेश
खेत में आग नहीं, पराली से कमाई! किसानों को SP सिद्धान्त जैन का संदेश

हिसार :- ( अमित कुमार ) पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धान्त जैन ने जिला हिसार के सभी किसानों से अपील की है कि वे धान की फसल कटाई के बाद खेतों में बची पराली को किसी भी सूरत में आग न लगाएं। पराली जलाने से पर्यावरण प्रदूषित होता है, वायु गुणवत्ता खराब होती है तथा मिट्टी की उपजाऊ शक्ति और उसमें मौजूद मित्र कीटों को नुकसान पहुंचता है। इसके साथ ही आसपास के खेतों, आबादी और जीव-जंतुओं के लिए भी आग का खतरा पैदा होता है।एसपी ने किसानों से आह्वान किया कि पराली के उचित प्रबंधन के लिए आधुनिक कृषि यंत्रों का इस्तेमाल करें। किसान बेलर (Baler) मशीन की सहायता से पराली की गांठें बनवाकर उनका सुरक्षित संग्रहण कर सकते हैं। इन गांठों को निर्धारित स्थानों पर रखकर संबंधित उद्योगों तक पहुंचाया जा सकता है, जहां इनका उपयोग बायोमास, बायोफ्यूल, पेलेट्स, ब्रिकेट्स तथा अन्य उपयोगी उत्पाद तैयार करने में किया जाता है।एसपी हिसार ने किसानों को निम्नलिखित निर्देशों की पालना करने की अपील की है:
- धान की कटाई के बाद खेतों में बची पराली को आग न लगाएं तथा उसका वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन करें।
- कृषि विभाग के सहयोग से बेलर, रेक और अन्य आधुनिक कृषि मशीनों की सहायता से पराली की गांठें तैयार करवाएं।
- तैयार गांठों को सूखे एवं सुरक्षित स्थान पर रखें तथा बिजली की तारों और अन्य आग के संभावित स्रोतों से दूर रखें।
- पराली की गांठों को बायोमास प्लांट, ईंधन निर्माण इकाइयों तथा अन्य संबंधित उद्योगों तक पहुंचाकर उनका उपयोग सुनिश्चित करें।
- सुपर सीडर, हैप्पी सीडर, जीरो टिल सीड ड्रिल एवं अन्य उपयुक्त कृषि यंत्रों से फसल अवशेषों का खेत में ही प्रबंधन करें।
- पराली प्रबंधन के लिए कृषि विभाग द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही मशीनरी एवं सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।
- गांवों में किसानों को पराली न जलाने के लिए जागरूक करें तथा किसी भी खेत में आग लगने की स्थिति में तुरंत संबंधित प्रशासन और पुलिस को सूचना दें।
नियमों की अवहेलना करने पर होगी कानूनी कार्रवाई एसपी हिसार ने स्पष्ट किया कि पराली जलाने की घटनाओं पर जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के साथ मिलकर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पराली जलाने की पुष्टि होने पर निर्धारित सरकारी नियमों एवं निर्देशों के अनुसार एफआईआर, चालान, राजस्व रिकॉर्ड में रेड एंट्री तथा पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति सहित आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है।एसपी ने कहा कि स्वच्छ हवा और स्वस्थ वातावरण बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसान अन्नदाता होने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए सभी किसान पराली को जलाने के बजाय उसका उचित उपयोग करें और हिसार को प्रदूषण मुक्त बनाने में अपना सहयोग दें।हिसार पुलिस – आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प।




