नशे के जाल से बाहर निकालने की पहल, हिसार पुलिस ने 12 नशा पीड़ितों की कराई काउंसलिंग
नशे के जाल से बाहर निकालने की पहल, हिसार पुलिस ने 12 नशा पीड़ितों की कराई काउंसलिंग
हिसार:-(अमित कुमार )पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धान्त जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में हिसार पुलिस द्वारा जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत नशा मुक्ति टीम द्वारा पिछले एक सप्ताह के दौरान जिले के 9 गांवों और 2 वार्डों में पहुंचकर नशा पीड़ितों की पहचान, उपचार, काउंसलिंग तथा आमजन को जागरूक करने के लिए विशेष प्रयास किए गए हैं। इस दौरान नशा मुक्ति टीम ने कुल 12 नए नशा पीड़ितों की पहचान कर उनकी काउंसलिंग करवाई। पीड़ितों के ब्लड टेस्ट करवाने के साथ-साथ मनोवैज्ञानिक विशेषज्ञों से भी काउंसलिंग करवाई गई, ताकि उनकी नशे की लत के कारणों को समझकर उचित उपचार एवं पुनर्वास की दिशा में कदम उठाए जा सकें। उपचार प्रक्रिया के तहत 4 नशा पीड़ितों को पहली बार तथा 31 को दूसरी बार दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं। इसके अतिरिक्त 68 नशा पीड़ितों को आयुर्वेदिक दवाइयां भी दी गईं। गंभीर रूप से नशे की लत से प्रभावित 3 व्यक्तियों को बेहतर उपचार के लिए नागरिक अस्पताल स्थित नशा मुक्ति केंद्र में दाखिल करवाया गया। नशे के खिलाफ जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से टीम द्वारा गांव बनभौरी में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके अलावा 11 स्थानों पर विजिट कर नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से करीब 1150 युवाओं, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों, स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों तथा नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया गया। नशे के खिलाफ गांवों में मजबूत होगी जनभागीदारी हिसार पुलिस द्वारा ग्रामीण स्तर पर नशे के खिलाफ मुहिम को और प्रभावी बनाने के लिए ग्राम सरपंचों से विशेष सहयोग लिया जा रहा है। टीम द्वारा सरपंचों से अपील की गई है कि जिन गांवों में पुरानी नशा मुक्ति कमेटियां निष्क्रिय हो चुकी हैं, वहां नई कमेटियों का गठन किया जाए, ताकि ग्रामीणों की भागीदारी से नशे की रोकथाम, नशा पीड़ितों की पहचान और उन्हें उपचार से जोड़ने का कार्य प्रभावी ढंग से किया जा सके। इसके अतिरिक्त नशा मुक्ति टीम ने अपने क्षेत्र में 3 नए नशा तस्करों की पहचान की है, जिनके संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाकर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है। एसपी हिसार का संदेश: नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। नशा बेचने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी, वहीं नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को उपचार, काउंसलिंग और पुनर्वास के माध्यम से मुख्यधारा में लाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। आमजन, ग्राम पंचायतों, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों से अपील है कि नशे के खिलाफ इस अभियान में पुलिस का सहयोग करें और अपने आसपास नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना पुलिस को दें।




