वाहन चालकों के लिए अलर्ट! स्पष्ट और वैध नंबर प्लेट लगाना अनिवार्य
वाहन चालकों के लिए अलर्ट! स्पष्ट और वैध नंबर प्लेट लगाना अनिवार्य
हिसार :-(अमित कुमार ) पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धान्त जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में हिसार पुलिस द्वारा यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करवाने तथा सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में हिसार पुलिस ने बिना नंबर प्लेट, अस्पष्ट नंबर प्लेट और नियमों के विरुद्ध नंबर प्लेट लगाकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। एसपी हिसार ने वाहन चालकों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक वाहन पर नियमानुसार निर्धारित मानकों के अनुरूप स्पष्ट और वैध नंबर प्लेट लगी होनी चाहिए। बिना नंबर प्लेट, टूटी-फूटी, अस्पष्ट, फैंसी या नंबर छिपाकर वाहन चलाना यातायात नियमों का उल्लंघन है। ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार चालान सहित आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हिसार पुलिस की वाहन चालकों से अपील एवं निर्देश :
• वाहन पर निर्धारित मानकों के अनुरूप आगे और पीछे स्पष्ट नंबर प्लेट लगवाएं।
• नंबर प्लेट पर किसी प्रकार की छेड़छाड़, बदलाव या नंबर छिपाने का प्रयास न करें।
• फैंसी या अस्पष्ट नंबर प्लेट का प्रयोग न करें।
• वाहन के सभी दस्तावेज वैध एवं अद्यतन रखें तथा यातायात नियमों की पालना करें।एसपी हिसार का सख्त संदेश: यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के प्रति हिसार पुलिस किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी। बिना नंबर प्लेट या नियमों के विरुद्ध नंबर प्लेट लगाकर वाहन चलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। वाहन की पहचान छिपाकर कानून से बचने की कोशिश करने वालों के खिलाफ भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। आमजन अपनी और दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का पालन करें।




