बरवाला में नशा तस्करी पर शिकंजा, हेरोइन के साथ आरोपी काबू
बरवाला में नशा तस्करी पर शिकंजा, हेरोइन के साथ आरोपी काबू
हिसार ;-(अमित कुमार ) पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धान्त जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना बरवाला पुलिस ने रेलवे फाटक बरवाला के पास से एक आरोपी को 4 ग्राम 98 मिलीग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सोनू निवासी वार्ड नंबर 14, बरवाला के रूप में हुई है। बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है। थाना बरवाला से सब इंस्पेक्टर पवन कुमार ने बताया कि वह अपनी पुलिस टीम के साथ बरवाला क्षेत्र में अपराधों की रोकथाम एवं नशा तस्करी की जांच के संबंध में गश्त पर मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर टीम ने रेलवे फाटक बरवाला के पास कार्रवाई करते हुए आरोपी सोनू को काबू किया। नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 4 ग्राम 98 मिलीग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को कब्जा पुलिस में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना बरवाला में मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि उससे गहनता से पूछताछ की जा सके। पूछताछ के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि आरोपी हेरोइन कहां से लेकर आया था तथा इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। नशा तस्करी से जुड़े अन्य संभावित लोगों के बारे में भी जांच की जाएगी। नशा बेचने वालों पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर : एसपी हिसार पुलिस अधीक्षक सिद्धान्त जैन ने कहा कि नशा युवाओं के भविष्य और समाज के लिए गंभीर खतरा है। हिसार पुलिस नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने और नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आमजन से अपील की कि नशा बेचने वालों या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।





