#haryanagorvment
Trending

नशा तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, चिट्टे समेत आरोपी गिरफ्तार

नशा तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, चिट्टे समेत आरोपी गिरफ्तार

हिसार :-(अमित कुमार ) पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धान्त जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में एंटी नारकोटिक सेल हिसार की टीम ने गांव न्योली कलां से एक आरोपी को 11 ग्राम 480 मिलीग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजा सिंह निवासी गांव पीरांवाली, जिला हिसार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हेरोइन के साथ एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है। एंटी नारकोटिक सेल से सहायक सब इंस्पेक्टर शक्ति सिंह ने बताया कि वह अपनी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में अपराधों की रोकथाम एवं नशा तस्करी की जांच के संबंध में गश्त पर मौजूद थे। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव न्योली कलां में कार्रवाई करते हुए आरोपी राजा सिंह को उसकी मोटरसाइकिल सहित काबू किया। पुलिस टीम द्वारा नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 11 ग्राम 480 मिलीग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ और मोटरसाइकिल को कब्जा पुलिस में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना सदर हिसार में मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि उससे गहनता से पूछताछ की जा सके। पुलिस पूछताछ के दौरान हेरोइन की खरीद-फरोख्त के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क तथा इस कारोबार से जुड़े अन्य संभावित लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ना हिसार पुलिस की प्राथमिकता : एसपी हिसार पुलिस अधीक्षक सिद्धान्त जैन ने कहा कि नशा युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने के साथ-साथ पूरे समाज के लिए गंभीर चुनौती है। हिसार पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि नशा तस्करी से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी पुलिस के साथ साझा करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Related Articles

Back to top button