हथियार सप्लाई का मास्टरमाइंड चढ़ा पुलिस के हत्थे!
हथियार सप्लाई का मास्टरमाइंड चढ़ा पुलिस के हत्थे!
हिसार :- ( अमित कुमार )थाना अर्बन एस्टेट पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी पर शिकंजा कसते हुए एक अवैध देसी पिस्तौल मामले में मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान तेजपाल गांव रेवाड़ी खेड़ा (भिवानी) निवासी हाल बी.एच.पी. कॉलोनी, सातरोड खुर्द (हिसार) के के रूप में हुई है। मामले की जानकारी देते हुए जांच अधिकारी सहायक उप निरीक्षक (ASI) सलीम खान ने बताया कि बीते 10 नवंबर को सीआईए स्टाफ बरवाला की टीम ने गश्त के दौरान प्राप्त गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए इंद्रा कॉलोनी, सातरोड खुर्द निवासी अंकुश पुत्र बलजीत (मूल निवासी सैंथली, जींद) को एक अवैध .315 बोर देसी पिस्तौल सहित काबू किया था। इस संबंध में थाना अर्बन एस्टेट में शस्त्र अधिनियम की धारा 25(1B)a/29/54-59 के तहत अभियोग संख्या 388 दर्ज किया गया था। आगामी तफ्तीश के दौरान जब आरोपी अंकुश से गहनता से पूछताछ की गई, तो उसने खुलासा किया कि यह अवैध हथियार उसने अपने दोस्त तेजपाल उर्फ तेजु से सातरोड गांव की एक दुकान के पास से खरीदा था। आरोपी अंकुश को पहले ही न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। खुलासे के आधार पर एएसआई सलीम खान ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य सप्लायर तेजपाल उर्फ तेजु को गिरफ्तार किया। पूछताछ में तेजपाल ने बताया कि उसने यह पिस्तौल सेक्टर 27/28 हिसार से किसी अज्ञात व्यक्ति से खरीदी थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खरीद स्थान की तस्दीक की है। आरोपी तेजपाल उर्फ तेजु को आज अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल हिसार भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगामी तफ्तीश जारी है।





