हिसार पुलिस की पहल, 13 नशा पीड़ितों को उपलब्ध करवाई दवाइयां
हिसार पुलिस की पहल, 13 नशा पीड़ितों को उपलब्ध करवाई दवाइयां
हिसार :- ( अमित कुमार ) पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धान्त जैन, आईपीएस के कुशल नेतृत्व एवं दिशा-निर्देशन में हिसार पुलिस की नशा मुक्ति टीम द्वारा जिले में लगातार नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज थाना आदमपुर क्षेत्र के आदमपुर पश्चिमी पाना की ढाणियों, आदमपुर मंडी तथा थाना आजाद नगर क्षेत्र में नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। नशा मुक्ति टीम ने ग्रामीणों एवं कॉलोनीवासियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। युवाओं को नशे से दूर रहने, पढ़ाई और खेलकूद में ध्यान लगाने तथा अच्छे कार्यों में समय बिताने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही आमजन से नशा मुक्ति अभियान में सहयोग करने और नशा तस्करों की जानकारी पुलिस को देने की अपील की गई। उपचार एवं दवाई वितरण की कार्रवाई के तहत आज 13 नशा पीड़ितों को आयुर्वेदिक दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं। इनमें 3 नए नशा पीड़ितों की पहचान कर नागरिक अस्पताल हिसार में पहली बार दवाइयां दिलवाई गईं, उनके ब्लड टेस्ट करवाए गए तथा काउंसलिंग करवाई गई। इसके अतिरिक्त 5 नशा पीड़ितों को नागरिक अस्पताल से दूसरी बार दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं तथा 5 नशा पीड़ितों को घर जाकर पहली बार आयुर्वेदिक दवाइयां दी गईं। अभियान के दौरान हिसार पुलिस की नशा मुक्ति टीम की प्रेरणा से एक नशा पीड़ित स्वयं नागरिक अस्पताल हिसार के नशा मुक्ति केंद्र में उपचार के लिए दाखिल हुआ। यह टीम के प्रयासों की एक सकारात्मक उपलब्धि है। एसपी हिसार ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में पुलिस के साथ-साथ आमजन की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को अपराधी समझकर उनसे दूरी बनाने की बजाय उनका उपचार करवाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा में वापस लाने में सहयोग करें। अभिभावक अपने बच्चों की गतिविधियों पर ध्यान रखें और किसी भी व्यक्ति के नशे की गिरफ्त में होने की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें। हिसार पुलिस का संकल्प है कि नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ नशा पीड़ितों का उपचार, काउंसलिंग और पुनर्वास सुनिश्चित कर युवाओं को स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य की ओर अग्रसर किया जाए।





