व्यापार मंडल का अल्टीमेटम! जल्द समाधान नहीं तो होगा आंदोलन ||
व्यापार मंडल का अल्टीमेटम! जल्द समाधान नहीं तो होगा आंदोलन ||

सिरसा :- (अक्षित कम्बोज) हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल ने सिरसा के हिसार रोड स्थित एचएसआईआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही बुनियादी समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग की है। व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष हीरालाल शर्मा ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को व्यक्तिगत और घरेलु उपयोग के लिए पर्याप्त, सुरक्षित, स्वीकार्य, सुलभ और किफायती पानी मिलने का हक है। भारत में इसे संविधान के अनुच्छेद 21 (जीवन का अधिकार) के तहत एक मौलिक अधिकार माना गया है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक इकाइयों को स्वच्छ पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा तक उपलब्ध नहीं हो रही है। आखिर प्रशासन उद्यमियों और वहां काम करने वाले श्रमिकों की इस गंभीर समस्या की अनदेखी क्यों कर रहा है? उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल अनशन पर बैठने को मजबूर होगा। हीरालाल शर्मा ने कहा कि उन्होंने कहा कि हिसार रोड स्थित एचएसआईआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था बेहद खराब है। उद्योगों में काम करने वाले श्रमिकों को मिलने वाले पानी की गुणवत्ता को लेकर गंभीर चिंताएं हैं। दूषित पानी के कारण श्रमिकों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की शिकायतें सामने आती रहती हैं। इसके अतिरिक्त नियमित सफाई का अभाव, टूटी-फूटी सड़कें, जगह-जगह कचरे के ढेर, जलभराव, सीवरेज और बरसाती पानी की निकासी जैसी समस्याएं भी उद्यमियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। शहरी प्रधान कीर्ति गर्ग ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में डबल टैक्स वसूली और रखरखाव शुल्क को लेकर भी उद्यमियों में रोष है। जब उद्योग संचालक नियमित रूप से टैक्स और अन्य शुल्क अदा कर रहे हैं तो उन्हें उसके अनुरूप मूलभूत सुविधाएं क्यों नहीं दी जा रही हैं? प्रशासन और संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है कि औद्योगिक क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाएं, ताकि उद्योगों का संचालन सुचारू रूप से हो सके और श्रमिकों को भी स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और जिला प्रशासन से मांग की कि औद्योगिक क्षेत्र का उच्चस्तरीय निरीक्षण करवाकर समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाए। पेयजल के नमूनों की सरकारी प्रयोगशाला से जांच करवाकर स्वच्छ पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही नियमित सफाई, सड़कों की मरम्मत, सीवरेज व्यवस्था और बरसाती पानी की निकासी के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। दोहरे टैक्स और रखरखाव शुल्क के मामले की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। हीरालाल शर्मा और कीर्ति गर्ग ने स्पष्ट किया कि व्यापार मंडल उद्यमियों और व्यापारियों के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं करेगा। यदि औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो व्यापार मंडल उद्यमियों को साथ लेकर आंदोलन करेगा और अनशन के माध्यम से प्रशासन तक अपनी आवाज पहुंचाएगा। #newstodayhry




