#haryanagorvmentsirsa
Trending

महिलाओं की मेहनत देख BJP प्रदेश अध्यक्ष भी हुईं प्रभावित! ||

महिलाओं की मेहनत देख BJP प्रदेश अध्यक्ष भी हुईं प्रभावित! ||

सिरसा :- (अक्षित कम्बोज) भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने सिरसा स्थित पंचायत भवन में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के साथ आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं के अनुभव सुने और समूहों के माध्यम से उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की जानकारी ली। डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि सशक्त और आत्मनिर्भर महिलाएं ही परिवार, समाज और विकसित हरियाणा की मजबूत नींव हैं। महिलाओं की मेहनत, लगन और आत्मविश्वास से प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू सकता है। महिलाओं ने अपने अनुभव सांझा करते हुए बताया कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने के बाद उन्हें घर से बाहर निकलकर अपनी प्रतिभा और मेहनत को पहचान देने का अवसर मिला है। अब वे रोजगार से जुड़कर आर्थिक रूप से परिवार को सहयोग दे रही हैं और आत्मविश्वास के साथ अपनी अलग पहचान बना रही हैं। महिलाओं ने कहा कि समूहों से जुड़ने के बाद उनके जीवन में काफी बदलाव आया है। पहले वे घर की चारदीवारी तक सीमित रहती थीं, लेकिन अब स्वरोजगार के माध्यम से अपनी आमदनी अर्जित कर रही हैं। अपनी मेहनत की कमाई से परिवार की जरूरतों में योगदान देने से उन्हें आत्मसम्मान और आत्मविश्वास की अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि समूहों ने उन्हें एक-दूसरे के साथ मिलकर आगे बढ़ने और अपने हुनर को रोजगार में बदलने का अवसर दिया है। डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को केवल योजनाओं का लाभार्थी बनाना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर समाज और अर्थव्यवस्था में उनकी भागीदारी को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि नमो ड्रोन दीदी, लखपति दीदी और दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बन रही हैं। इन योजनाओं के जरिए महिलाओं को आर्थिक मजबूती, स्वरोजगार और आगे बढ़ने के नए अवसर मिल रहे हैं। स्वयं सहायता समूह महिलाओं को एक मंच प्रदान कर रहे हैं, जहां वे आपसी सहयोग से रोजगार के नए रास्ते तलाश रही हैं। इस मौके पर नमो: ड्रोन दीदी विमला सिंवर ने समूहों से जुड़ी बहनों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और उनका अधिकतम लाभ उठाएं। अपने हुनर को पहचानें, स्वरोजगार को बढ़ावा दें तथा अन्य महिलाओं को भी समूहों से जुड़ने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होती हैं तो पूरा परिवार मजबूत होता है और समाज में भी सकारात्मक बदलाव आता है। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष यतिंद्र सिंह, भारत भूषण जुयाल, वेदफुल्ला सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूह महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक रूप से सशक्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। #newstodayhry

Related Articles

Back to top button