#haryanagorvment
Trending

बेटियों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल? महिला आयोग ने स्कूल में लिया फीडबैकII

बेटियों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल? महिला आयोग ने स्कूल में लिया फीडबैकII

नूंह -(निकुंज गर्ग):- हरियाणा महिला आयोग की सदस्य ने राजकीय विद्यालय, मेडिकल कॉलेज और महिला थाने का किया निरीक्षण, छात्राओं की सुरक्षा व महिलाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं का लिया जायजा हरियाणा महिला आयोग की सदस्य वैशाली तोमर ने कहा कि महिला आयोग का मुख्य उद्देश्य प्रदेश की महिलाओं और बेटियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाना, उनके सम्मान की रक्षा करना और उन्हें न्याय दिलाना है। महिलाओं से जुड़ी शिकायतों को आयोग गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई कर रहा है। पारिवारिक विवाद और घरेलू हिंसा जैसे मामलों में काउंसलिंग के माध्यम से समाधान का प्रयास किया जाता है, जबकि गंभीर मामलों में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।वैशाली तोमर शुक्रवार को नूंह जिले के दौरे पर पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने एक राजकीय विद्यालय, शहीद हसन खान मेवाती राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय नल्हड़ और महिला पुलिस थाना नूंह का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित संस्थानों में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं तथा उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। दौरे के बाद लघु सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने आयोग की कार्यप्रणाली और महिलाओं की शिकायतों के निस्तारण को लेकर जानकारी साझा की।उन्होंने बताया कि हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी के नेतृत्व में महिलाओं की लंबित शिकायतों के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। महिलाएं अपनी शिकायत महिला हेल्पलाइन नंबर 181 पर दर्ज करवा सकती हैं। इसके अलावा ई-मेल के माध्यम से भी आयोग तक अपनी शिकायत पहुंचाई जा सकती है। आयोग का प्रयास है कि किसी भी महिला को न्याय पाने में परेशानी का सामना न करना पड़े।राजकीय विद्यालय के निरीक्षण के दौरान वैशाली तोमर ने छात्राओं से बातचीत कर उनकी शिक्षा और सुरक्षा से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों के व्यवहार, छात्राओं को मिलने वाले मार्गदर्शन, विद्यालय में स्वच्छता, सुरक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं की भी समीक्षा की। छात्राओं से शिक्षकों के व्यवहार के बारे में गोपनीय तरीके से जानकारी ली गई। उन्होंने कहा कि बेटियों को सुरक्षित और सकारात्मक शैक्षणिक माहौल उपलब्ध करवाना जरूरी है। निरीक्षण के दौरान जहां व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं, वहां संबंधित कर्मचारियों की सराहना की गई, जबकि कमियां मिलने पर उन्हें दूर करने के निर्देश दिए गए।उन्होंने शहीद हसन खान मेवाती राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय नल्हड़ और महिला पुलिस थाने का भी निरीक्षण किया। महिला थाने में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों ने महिलाओं से जुड़े कई मामलों में तत्परता से कार्रवाई की है। उन्होंने संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं और महिलाओं को मिलने वाली सहायता की स्थिति की भी समीक्षा की।वैशाली तोमर ने कहा कि सरकारी संस्थानों का समय-समय पर निरीक्षण होने से अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही बढ़ती है। इससे व्यवस्थाओं में सुधार के साथ कार्यप्रणाली को भी अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए सरकार की ओर से अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, लेकिन इसके साथ सामाजिक जागरूकता भी जरूरी है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सोच और व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाना होगा। बच्चों को सुरक्षित वातावरण देना और उन्हें अच्छे संस्कार प्रदान करना परिवार व समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विशेष रूप से बेटियों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का भाव रखने की अपील करते हुए कहा कि महिला आयोग जरूरतमंद महिलाओं को कानूनी सहायता और न्याय दिलाने के लिए हमेशा तत्पर है। #newstodayhry @newstodayhry

Related Articles

Back to top button