फरीदाबाद कमिश्नर की फर्जी FB आईडी बनाकर ठगी, आरोपी गिरफ्तार II
फरीदाबाद कमिश्नर की फर्जी FB आईडी बनाकर ठगी, आरोपी गिरफ्तार II


फरीदाबाद-(शिवम् शर्मा):- फरीदाबाद नगर निगम के कमिश्नर की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर पैसे मांगने के मामले में साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कमिश्नर की फर्जी प्रोफाइल बनाकर नगर निगम के एक कर्मचारी से 75,000 रुपये की मांग की थी। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि 29 मई को नगर निगम के एक कर्मचारी को कमिश्नर के नाम से एक फेसबुक मैसेज आया। मैसेज में लिखा था कि एक कॉल आएगा, जिसकी मदद करनी है। इसके बाद एक शख्स ने फोन कर खुद को कमिश्नर का दोस्त बताते हुए 75,000 रुपये की मांग की। कर्मचारी को शक हुआ तो उसने इसकी पुष्टि की और मामला फर्जी निकला। इसके बाद साइबर थाना सेंट्रल में केस दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मथुरा जिले के मंडोरा गांव निवासी 22 वर्षीय मुनासिब को उसके गांव से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पता चला कि आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर कमिश्नर की फर्जी फेसबुक आईडी बनाई और लोगों को ठगने की कोशिश की। आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं, जिनसे फर्जी आईडी चलाई जा रही थी। पुलिस ने बताया कि मुनासिब पहले भी इसी तरह की धोखाधड़ी के मामले में वर्ष 2020 में तेलंगाना के बाल सुधार गृह में रह चुका है। फिलहाल आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है, ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों का भी पता लगाया जा सके।। #newstodayhry @newstodayhry



