पुलिस लाइन सिरसा में पांच दिवसीय योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण का आगाज ।।
पुलिस लाइन सिरसा में पांच दिवसीय योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण का आगाज ।।

सिरसा-(अक्षित कम्बोज):– अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक हिसार मंडल हिसार के दिशा निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के नेतृत्व में हरियाणा योग आयोग एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष में 2 मई से 30 मई तक चलाए जा रहे पांच दिवसीय योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है । इसी कड़ी के तहत आज बरनाला रोड़ स्थित पुलिस लाइन सिरसा के प्रांगण में योगाभ्यास कार्यक्रमों का आयोजन किया गया । कार्यक्रम में पुलिस जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न योगासन और सूर्य नमस्कार का अभ्यास किया । योग आचार्य ने बताया कि सूर्य नमस्कार से शारीरिक व मानसिक संतुलन बना रहता है,इसलिए पुलिस जवानों को नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए । उन्होंने कहा कि पुलिस का कार्य अत्यंत चुनौतीपूर्ण और तनावपूर्ण होता है,ऐसे में योग अभ्यास उन्हें शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है । यदि जवान तनावमुक्त रहेंगे तो वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन और अधिक दक्षता एवं समर्पण के साथ कर सकेंगे। योगाचार्य ने पुलिस जवानों को सूर्य नमस्कार के विभिन्न आसनों का अभ्यास करवाया तथा जीवन में योग के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला । उन्होंने बताया कि योग करने से शरीर में रक्त संचार सुचारु रूप से होता है और सभी अंग बेहतर ढंग से कार्य करते हैं। योग से शरीर को पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन एवं पोषक तत्व प्राप्त होते हैं, जिससे रोग प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ती है। उन्होंने यह भी कहा कि योग शारीरिक,मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करता है। योग में शारीरिक आसन, प्राणायाम और ध्यान की तकनीकें शामिल होती हैं, जो शरीर की ताकत, सहनशक्ति और लचीलेपन को बढ़ाने में सहायक हैं। साथ ही नियमित अभ्यास तनाव को कम कर मानसिक शांति प्रदान करता है। योगाचार्य ने जवानों को संतुलित खानपान अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली बनाए रखने की भी सलाह दी । कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस कर्मियों को स्वस्थ, सक्रिय और तनावमुक्त जीवन के प्रति जागरूक करना है, ताकि वे समाज सेवा में अपनी भूमिका और अधिक प्रभावी ढंग से निभा सकें। उन्होंने उपस्थित पुलिस जवानों को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि प्रत्येक पुलिस जवान को योग को अपनी जीवन में नियमित रूप से करना चाहिए अवसर पर जिला कल्याण निरीक्षक सीमा सोढ़ी सहित अनेक पुलिस के जवान मुख्य रुप से मौजूद रहे।। #Newstodayhry @Newstodayhry