पीएम श्री जीएसएसएस बड़ागुढ़ा में “कैच द रेन” अभियान के तहत विविध जागरूकता गतिविधियों का आयोजन।।
पीएम श्री जीएसएसएस बड़ागुढ़ा में “कैच द रेन” अभियान के तहत विविध जागरूकता गतिविधियों का आयोजन।।

बड़ागुढ़ा-(गुरनैब दंदीवाल):-पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बड़ागुढ़ा में “जल शक्ति अभियान : कैच द रेन” कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं समुदाय को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने हेतु विभिन्न गतिविधियों का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वर्षा जल संचयन, जल संरक्षण तथा भविष्य के लिए जल बचाने के महत्व के प्रति समाज में जागरूकता उत्पन्न करना रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रार्थना सभा में जल संरक्षण शपथ के साथ किया गया। विद्यालय के विद्यार्थियों एवं समस्त स्टाफ सदस्यों ने जल बचाने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ ली। विद्यार्थियों को बताया गया कि जल प्रकृति का अमूल्य संसाधन है और इसके संरक्षण के बिना भविष्य सुरक्षित नहीं रह सकता।इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री ईश्वर सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में जल संकट एक गंभीर वैश्विक समस्या बन चुका है। उन्होंने विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में पानी का संयमित उपयोग करने, वर्षा जल संचयन अपनाने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि “यदि आज जल बचाया जाएगा तभी आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित रह सकेगा।”कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय में सामुदायिक जागरूकता गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिसमें एसएमसी (School Management Committee) सदस्यों एवं अभिभावकों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। बैठक के दौरान जल संरक्षण के महत्व, वर्षा जल संचयन की उपयोगिता तथा ग्रामीण स्तर पर जल बचत उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित सदस्यों ने जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का संकल्प लिया।विद्यालय के पीजीटी पंजाबी श्री राजेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों को जल संरक्षण विषय पर प्रेरणादायक व्याख्यान दिया। उन्होंने अपने संबोधन में बताया कि जल केवल वर्तमान की आवश्यकता ही नहीं बल्कि भविष्य की सुरक्षा का आधार भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को जल की प्रत्येक बूंद का महत्व समझाते हुए अनावश्यक जल व्यर्थ न करने की प्रेरणा दी।इसके पश्चात पीजीटी बायोलॉजी श्री अनिल कुमार ने कक्षा नौवीं एवं दसवीं के विद्यार्थियों को जल संरक्षण के वैज्ञानिक, पर्यावरणीय एवं स्वास्थ्य संबंधी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लगातार गिरता भूजल स्तर, जल प्रदूषण एवं जल की बर्बादी आने वाले समय में गंभीर संकट उत्पन्न कर सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को वर्षा जल संचयन प्रणाली, जल पुनर्चक्रण एवं घरेलू स्तर पर जल बचत के व्यावहारिक उपायों के बारे में विस्तार से समझाया। विद्यार्थियों ने बड़ी रुचि एवं उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।कार्यक्रम के दौरान श्री विक्रम ख्यालिया द्वारा डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से विद्यार्थियों को “कैच द रेन” अभियान की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। डिजिटल सामग्री के माध्यम से विद्यार्थियों को वर्षा जल संचयन तकनीकों, जल संरक्षण उपायों एवं सरकारी अभियानों से अवगत कराया गया। डिजिटल प्रस्तुति विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं आकर्षक रही।विद्यालय में आयोजित विभिन्न गतिविधियों के अंतर्गत विद्यार्थियों ने जल संरक्षण विषय पर अपने विचार भी प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को भविष्य के लिए जल संरक्षण की आवश्यकता, पर्यावरण संतुलन तथा सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया गया।अंत में पीजीटी फिजिक्स श्री प्रभात कुमार सरन ने कार्यक्रम का प्रभावी संकलन प्रस्तुत किया। उन्होंने “कैच द रेन” अभियान के लाभों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्षा जल संचयन न केवल भूजल स्तर को बढ़ाने में सहायक है बल्कि भविष्य में जल संकट को कम करने का सबसे प्रभावी उपाय भी है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं उपस्थित सदस्यों को जल संरक्षण को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उनके प्रेरणादायक संकलन ने कार्यक्रम को सार्थक एवं प्रभावशाली बना दिया।कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा तथा सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभाई। विद्यालय परिवार ने संकल्प लिया कि “जल है तो कल है” संदेश को समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा। #Newstodayhry @Newstodayhry

