Haryana
Trending

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 को लेकर वार्ड कमेटियों व आरडब्ल्यूए की भागीदारी बढ़ाने पर जोर।।

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 को लेकर वार्ड कमेटियों व आरडब्ल्यूए की भागीदारी बढ़ाने पर जोर।।

करनाल – (सुभाष गुप्ता) :- नई सोच नया शहर-स्वच्छ हरियाणा अभियान के तहत शनिवार को स्थानीय अटल पार्क में वार्ड नंबर 9 की वार्ड कमेटी एवं विभिन्न रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर निगम की महापौर रेणु बाला गुप्ता ने की। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा, वार्ड नंबर 9 की पार्षद सुजाता अरोड़ा, वार्ड कमेटी सदस्य तथा विभिन्न आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान स्वच्छता,जनजागरूकता, नागरिक सहभागिता तथा वार्ड स्तर पर सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में वार्ड कमेटी एवं आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों द्वारा वार्ड से संबंधित कुछ समस्याएं महापौर एवं निगमायुक्त के समक्ष रखी गई। इनमें बागवानी अपशिष्टï, सी एंड डी कचरे का उठान, पार्कों की उचित देखरेख व आवारा कुत्तों को पकडऩे जैसे बिन्दू शामिल रहे। महापौर एवं निगमायुक्त ने समस्याओं पर तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महापौर ने जानकारी दी कि आवारा कुत्तों को रखने के लिए स्थायी डोग शैल्टर का निर्माण किया जाएगा, इसके लिए टैण्डर तैयार किया गया है। इसके अतिरिक्त कुत्तों की नसबंदी करने का कार्य नियमित तौर पर चल रहा है। उन्होंने कहा कि पार्कों की देखरेख आर.डब्ल्यू.ए. द्वारा की जा रही है। अगर कहीं सिविल वर्क करवाए जाने की आवश्यकता है, तो वह नगर निगम करवाएगा। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए स्वच्छ भारत मिशन ने पूरे देश में स्वच्छता को जन आंदोलन का रूप दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा एवं हरियाणा के मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में स्वच्छता को लेकर व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नई सोच नया शहर-स्वच्छ हरियाणा अभियान भी इसी सोच को आगे बढ़ाने का प्रयास है, जिसके माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर शहर को साफ-सुथरा एवं सुंदर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।महापौर ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी योजनाओं से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने घरों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई बनाए रखें, कचरा कूड़ेदान में डालें तथा गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग ही रखें। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझकर कार्य करेगा, तो करनाल शहर निश्चित रूप से स्वच्छ सर्वेक्षण में नम्बर 1 स्थान प्राप्त करेगा। उन्होंने वार्ड कमेटी एवं आरडब्ल्यूए की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि ये संस्थाएं समाज और प्रशासन के बीच मजबूत कड़ी का कार्य करती हैं। नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि नगर निगम द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 को लेकर शहरभर में व्यापक स्तर पर स्वच्छता एवं जन जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि निगम की टीमें नियमित रूप से बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, पार्कों एवं वार्डों में सफाई अभियान चला रही हैं। इसके अलावा डोर-टू-डोर कूड़ा उठान व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है तथा कचरे के स्रोत स्तर पर पृथक्करण को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा बरसाती नालों व ड्रेनों की विशेष सफाई करवाई जाएगी, ताकि मानसून सीजन के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ जागरूकता अभियान, स्वच्छता जागरूकता रैलियां, जनसंवाद कार्यक्रम तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से विशेष अभियान भी चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में नागरिक फीडबैक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और इसके लिए आमजन का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाएं, आस-पास गंदगी न फैलाएं, खुले में कूड़ा डालने से बचें तथा अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि नागरिक यदि अपने क्षेत्र में सफाई व्यवस्था से संबंधित किसी समस्या को देखते हैं तो उसकी जानकारी तुरंत नगर निगम को दें, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके। नगर निगम आयुक्त ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए निगम प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है तथा जनभागीदारी के माध्यम से अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने शहर को स्वच्छ बनाए रखने तथा स्वच्छता अभियानों में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया।
वार्ड पार्षद सुजाता अरोड़ा ने भी नागरिकों से अपने शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता एवं जागरूकता गतिविधियों में बढ़-चढ़ कर सहभागिता दर्ज कराएं और करनाल का नाम रोशन करें। #Newstodayhry @Newstodayhry

Related Articles

Back to top button