नशा मुक्त समाज के लिए हिसार पुलिस का अभियान तेज, 11 पीड़ितों तक पहुंची उपचार सेवाएं II
नशा मुक्त समाज के लिए हिसार पुलिस का अभियान तेज, 11 पीड़ितों तक पहुंची उपचार सेवाएं II


हिसार-(अमित कुमार):- आई.जी.पी. हिसार मंडल, हिसार के मार्गदर्शन एवं पुलिस अधीक्षक हिसार के सफल नेतृत्व में नशा मुक्ति पुलिस टीम हिसार द्वारा जिले में नशे के विरुद्ध निरंतर जागरूकता एवं पुनर्वास अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में भारत सरकार एवं हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार 11 जून 2026 से 26 जून 2026 तक आयोजित “नशा निषेध दिवस – ड्रग फ्री हरियाणा” थीम पखवाड़े के अंतर्गत थाना सदर क्षेत्र के गांव बालसमंद एवं गांव बांडाहेड़ी में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान गांव बालसमंद स्थित आईटीआई (औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान) में नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 125 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में नशा मुक्ति पुलिस टीम एवं आईटीआई के प्रशिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों एवं स्टाफ को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई तथा युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर ग्रामवासियों एवं उनके परिवारजनों से संवाद स्थापित कर नशा प्रभावित व्यक्तियों को उपचार हेतु प्रेरित किया गया तथा:-
नशा तस्करी संबंधी सूचनाएं भी एकत्रित की गईं। लोगों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त गांव बांडाहेड़ी स्थित फर्स्ट वूमेन सोशल वेलफेयर सोसाइटी द्वारा संचालित महिला नशा मुक्ति केंद्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान केंद्र का स्टाफ उपस्थित मिला। केंद्र संचालकों को निर्देश दिए गए कि नशा मुक्ति केंद्र को व्यवस्थित एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित किया जाए। निरीक्षण के दौरान जानकारी मिली कि केंद्र प्रारंभ होने के बाद अब तक कोई महिला नशा पीड़ित भर्ती नहीं हुई है। आज के अभियान के अंतर्गत जिला हिसार में कुल 03 नशा पीड़ितों की पहचान की गई और 05 नशा पीड़ितों को सरकारी अस्पताल हिसार से एलोपैथिक एवं आयुर्वेदिक दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं। इसके अतिरिक्त 02 नशा पीड़ितों को उनके घर जाकर पहली बार आयुर्वेदिक दवा उपलब्ध करवाकर काउंसलिंग की गई तथा 04 नशा पीड़ितों को दूसरी बार उपचार उपलब्ध कराया गया। कुल 11 नशा पीड़ितों तक उपचार एवं परामर्श सेवाएं पहुंचाई गईं तथा 02 नशा पीड़ितों को नशा मुक्ति केंद्र में दाखिल करवाया गया। पुलिस अधीक्षक हिसार ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। यदि किसी क्षेत्र में नशा तस्करी अथवा नशे से संबंधित गतिविधियों की जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सामूहिक प्रयासों से ही युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाकर सुरक्षित एवं स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सकता है। #newstodayhry @newstodayhry



