विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, कोचिंग संस्थानों को सुरक्षा प्रबंध मजबूत करने के निर्देश हिसार पुलिस ।।
विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, कोचिंग संस्थानों को सुरक्षा प्रबंध मजबूत करने के निर्देश हिसार पुलिस ।।

हिसार-(अमित कुमार):- पुलिस अधीक्षक हिसार के निर्देशानुसार थाना सिविल लाइन हिसार के थाना प्रभारी द्वारा थाना क्षेत्र में संचालित प्रमुख कोचिंग संस्थानों के कोऑर्डिनेटर एवं संबंधित स्टाफ के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं संस्थानों में सुरक्षा मानकों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान कोचिंग संस्थानों को फायर सेफ्टी उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, फायर एग्जिट एवं आपातकालीन बचाव मार्गों को हर समय सुचारू रखने, कक्षाओं में निर्धारित क्षमता के अनुसार ही विद्यार्थियों को बैठाने तथा भीड़भाड़ वाले एवं असुविधाजनक कमरों में कक्षाएं संचालित न करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त संस्थानों को प्रवेश एवं निकास मार्ग बाधारहित रखने, आपातकालीन गेट को उपयोग योग्य स्थिति में बनाए रखने, पर्याप्त खुली जगह उपलब्ध रखने तथा वाहनों की पार्किंग सुव्यवस्थित ढंग से करवाने के लिए भी कहा गया, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। थाना प्रभारी ने संस्थानों में सुरक्षा गार्ड एवं सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था को दुरुस्त रखने तथा किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत पुलिस प्रशासन से संपर्क करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और सुरक्षा मानकों का पालन प्रत्येक संस्थान की जिम्मेदारी है। हिसार पुलिस विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी समय-समय पर ऐसे निरीक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।। #Newstodayhry @Newstodayhry




